-
Advertisement
अग्निवीरों को बड़ी सौगात: कार्यकाल हुआ 6 साल, सैलरी और भत्ते भी बढ़ेंगे,बेहतर परफॉर्मेंस पर परमानेंट होगी नौकरी
Agniveers: केंद्र सरकार ने रक्षा क्षेत्र से जुड़ा एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लेते हुए अग्निवीरों की सेवा अवधि में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। अब अग्निवीरों का कार्यकाल 4 साल की बजाय 6 साल होगा। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को यह घोषणा की। मौजूदा व्यवस्था के तहत हर बैच से बेहतर प्रदर्शन करने वाले 25% अग्निवीरों को सेना में स्थाई (नियमित) किया जाता था, जबकि 75% को 4 साल बाद सेवामुक्त कर दिया जाता था।
नए फैसले के अनुसार:
25% अग्निवीरों को परमानेंट करने का नियम पहले की तरह ही लागू रहेगा।
बचे हुए 75% अग्निवीरों को सेवा से बाहर करने के बजाय 2 साल और नौकरी का मौका मिलेगा, यानी वे कुल 6 साल तक अपनी सेवाएं दे सकेंगे।
6 साल की सेवा के दौरान अग्निवीरों को पहले से ज्यादा सैलरी और भत्ते दिए जाएंगे।
6 साल पूरे होने के बाद भी यदि अग्निवीर सेना में बने रहना चाहते हैं, तो उन्हें तय चयन प्रक्रिया से गुजरकर नियमित भर्ती के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा।
18,300 अग्निवीरों को मिलेगा सीधा लाभ
आंकड़ों के मुताबिक, 31 दिसंबर तक पहले बैच के करीब 18,300 अग्निवीरों का 4 साल का कार्यकाल पूरा होने वाला था। पहले से तय नियम के तहत इन्हें नवंबर के मध्य से चरणबद्ध तरीके से सेवामुक्त किया जाना था। लेकिन इस नए आदेश के लागू होने से इन सभी अग्निवीरों को सीधा फायदा पहुंचेगा। यह सेवा विस्तार पूरी तरह से अग्निवीरों की सहमति पर निर्भर करेगा।
2022 में शुरू हुई थी योजना
गौरतलब है कि अग्निपथ योजना 14 जून 2022 को शुरू की गई थी। इसके तहत थल सेना, नौसेना और वायुसेना में युवाओं को भर्ती किया जाता है। फिलहाल देश की तीनों सेनाओं में लगभग 3.18 लाख अग्निवीर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सरकार और CDS के इस फैसले से देशभर के अग्निवीरों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है।
