-
Advertisement

Corona Breaking: हिमाचल में BJP के पूर्व विधायक सहित 111 पॉजिटिव, 25 हुए ठीक
शिमला। हिमाचल प्रदेश में रविवार को भी कोरोना (Corona) का कहर जारी है। हिमाचल में बीजेपी के एक पूर्व विधायक सहित आज अब तक 111 नए मामले सामने आ चुके हैं। नादौन के पूर्व विधायक व एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री (58) कोरोना पॉजिटिव आए हैं। विजय अग्निहोत्री ने पॉजिटिव आने की जानकारी खुद सोशल मीडिया पर दी है। उन्होंने सभी उनके संपर्क में आए लोगों से कहा है कि कोरोना टेस्ट करवा लें। निकट संपर्क वाले लोग क्वारंटाइन में चले जाएं। बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री अभी हाल ही में शिमला से लौटे हैं। वहीं, सोलन के बीबीएन क्षेत्र में 41 पॉजिटिव पाए गए हैं। सिरमौर जिला से 16, शिमला से 18, मंडी से 10, कांगड़ा से 8, ऊना से 7, हमीरपुर से 6 व बिलासपुर से 5 मामले सामने आए हैं। वहीं, आज 25 कोरोना पॉजिटिव ठीक हुए हैं। इसमें 15 सिरमौर, कांगड़ा से 6, हमीरपुर से तीन व ऊना से एक ठीक हुआ है। इन मामलों के साथ ही हिमाचल (Himachal) में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 2176 पहुंच गया है। अभी 949 एक्टिव मामले हैं। अब तक 1202 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि प्रदेश में अब 12 लोगों की कोरोना संक्रमण (Corona infection) से मौत हो चुकी है। कोरोना मामलों में सोलन जिला नंबर वन पर बना हुआ है। सोलन जिला में सबसे अधिक 548 मामले हैं। 366 एक्टिव केस हैं (Active Case)। 180 लोग ठीक हुए हैं। कांगड़ा में कोरोना मरीजों का कुल आंकड़ा 410 है और 94 एक्टिव केस हैं।
कांगड़ा जिला में एक ही परिवार के सात लोग पॉजिटिव, सभी प्राइमरी कांटेक्ट
धर्मशाला। कोरोना को लेकर जिला कांगड़ा से झटके वाली खबर आ रही है। जिला में एक ही परिवार के सात लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यह जवालामुखी के अंब पठियार गांव के हैं और सभी पहले पॉजिटिव आए व्यक्ति के संपर्क वाले हैं। इसमें 67 वर्षीय व्यक्ति, 20 वर्षीय युवक, 25, 22 और 25 वर्षीय युवती, दो और सात साल की बच्चियां शामिल हैं। इनमें से 67 वर्षीय व्यक्ति को धर्मशाला शिफ्ट किया जा रहा है। वहीं, बाकी कोरोना पॉजिटिव को कोविड केयर सेंटर डाढ़ शिफ्ट किया जाएगा। कांगड़ा में अब तक आठ नए मामले आ चुके हैं।
वहीं, कांगड़ा जिला में पांच और कोरोना पॉजिटिव ठीक हुए हैं। इसमें तियारा का 20 वर्षीय युवक, भलाख का 35 वर्षीय युवक, बंडी का 51 वर्षीय व्यक्ति, राजा का बाग का 45 वर्षीय व्यक्ति और बग्गा कुठेड़ का 64 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। 64 वर्षीय व्यक्ति जोनल अस्पताल धर्मशाला में भर्ती है और बाकी कोविड केयर सेंटर बैजनाथ में भर्ती हैं। इन्हें छुट्टी देकर घर भेजा जा रहा है। अगले सात दिन होम आइसोलेशन में रहेंगे। सात मामले आने और पांच के ठीक होने की पुष्टि डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने की है। सोलन में दो मामले बिलांवाली गुज्जरां और फेस तीन हाउस बोर्ड से हैं। यह पहले पॉजिटिव आए व्यक्ति के सीधे संपर्क वाले हैं। पांच मामले नालागढ़ वार्ड सात से महिला के संपर्क वाले हैं। 27 मामले वीके मंगला कंस्ट्रक्शन बद्दी से हैं। दो बद्दी में संस्थागत क्वारंटन थे। चार मामले आईएलआई लक्षण वालों के हैं। यह भटोलीकलां, वार्ड नंबर दो बद्दी, शिवालिक नगर झाड़माजरी व हरिपुर संधोली से हैं। एक होटल विमल का वर्कर है।
मंडी जिला में कोरोना के 6 नए मामले आए सामने
मंडी जिला में कोरोना के छः नए मामले सामने आए हैं। इसमें दो मामले सराज विधानसभा क्षेत्र से, दो गोहर से और दो पधर क्षेत्र से हैं। गोहर के जो दो मामले हैं वह युवक फौजी बताए जा रहे हैं, जिसमें एक लेह से और दूसरा नागालैंड से आया है। वहीं सराज के दो युवक जो पॉजिटिव पाए गए हैं उनकी कांटेक्ट हिस्ट्री खंगाली जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि सराज में जो पॉजिटिव मामले आए हैं, यह उनमें से किसी एक के संपर्क में आए होंगे। वहीं पधर क्षेत्र के तहत आए मामलों की कांटेक्ट हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है। सीएमओ मंडी डॉ. देवेंद्र शर्मा ने 6 नए मामले आने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिनमें लक्षण नहीं उन्हें कोविड केयर सेंटर भेजा जाएगा और लक्षण वालों को मेडिकल कॉलेज में शिफट किया जाएगा।
नाहन के गोबिंदगढ़ मोहल्ले में फिर हुआ कोरोना विस्फोट
रविवार को सिरमौर जिला में 16 कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive) मामले सामने आए हैं। इसमें 12 गोबिंदगढ़ मोहल्ला नाहन और 4 पांवटा साहिब से संबंधित है। गोबिंदगढ़ मोहल्ला नाहन के 6 नए पॉजिटिव आए मामलों में एक 30 वर्षीय युवक है और 14 वर्षीय किशोरी सहित 5 महिलाएं/ युवतियों की उम्र 55 वर्ष के बीच है। इसी प्रकार पांवटा साहिब के चार कोरोना पॉजिटिव मामलों में 3 वैली आयरन से संबंधित तीन युवक हैए जिनकी उम्र 18, 19 और 35 वर्ष है। इसके अतिरिक्त पांवटा साहिब के कुंजा मत्तरालियों से एक 32 वर्षीय महिला की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है, जिसके संपर्क में आए अन्य लोगों के बारे में पता लगाया जा रहा है। 10 माह की बच्ची भी कोरोना पॉजिटिव आई है। जबकि 15 लोगों ने कोरोना को मात दी है। इसमें गोबिंदगढ़ मोहल्ला की सबसे पहले कोरोना पॉजिटिव आई महिला भी शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक आज कुल 328 सैंपल (311 नए + 17 फॉलोअप) जांच के लिए भेजे गए थे, जिनमें से 150 नए सैंपल और 15 फॉलोअप सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जबकि 6 नए सैंपल और 2 फॉलोअप सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अतिरिक्त, 137 सैंपल की रिपोर्ट अभी पेंडिंग है और 18 सैंपल इनकनकलुसिव रहे। आज ठीक हुए 15 लोगों में एक संगड़ाह, 5 वैली आयरन, पांवटा साहिब और 9 गोबिंदगढ़ मोहल्ला के हैं। पॉजिटिव आए नए 6 मामलों में 5 युवती/महिलाएं हैं जिनकी उम्र 27 वर्ष से लेकर 70 वर्ष के बीच है और एक 10 माह की बच्ची है। इसी प्रकार 2 फॉलो अप मामलों में एक पुरुष जिसकी उम्र 31 वर्ष और एक महिला जिसकी उम्र 45 वर्ष है, शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: बुरी खबरः हिमाचल में Corona से 12वीं मौत, Sirmaur की महिला ने Shimla में तोड़ा दम
शिमला से आज सामने आए 11 मामले
शिमला जिला से सामने आए पांच मामलों में तीन मामले शिमला शहर के हैं जबकि दो रोहडू क्षेत्र से हैं। शिमला शहर के तीन मामलों में एक विधानसभा के क्वार्टर में रहने वाला व्यक्ति, दूसरा मामला संजौली के गुरुद्वारा के पास का रहने वाला है। ये दोनों एडिशनल एडवोकेट जनरल के दफ्तर के पॉजिटिव आए व्यक्तियों के संपर्क में आए थे। तीसरा मामले में फायर ऑफिस छोटा शिमला (Shimla) के निकट रहने वाली एक महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है। कोरोना पॉजिटिव पाई गई महिला सीएम के उप सचिव कार्यालय में कार्यरत है। महिला कर्मचारी राजभवन और सचिवालय के बीच स्थित सरकारी कॉलोनी में रहती हैं। जबकि 2 नए मामले रोहडू के मेंहदली क्षेत्र के हैं। जहां पर 3 दिन पहले 18 मजदूर पॉजिटिव पाए गए थे उन्हीं के संपर्क में आने से दो और मजदूर संक्रमित हुए हैं। शिमला में और 6 मामले आए हैं।
यह भी पढ़ें: Corona Update: पालमपुर IHBT की 28 वर्षीय छात्रा पॉजिटिव, हिमाचल में अब तक 95 केस
बिलासपुर, मंडी और कांगड़ा से सामने आया एक-एक मामला
बिलासपुर में 34 वर्षीय पुलिस कर्मी पॉजिटिव पाया गया है। यह पुलिसकर्मी स्वारघाट में कार्यरत है। उसे आयुर्वेदिक शिवा कॉलेज चांदपुर में शिफ्ट कर दिया गया है। सीएमओ बिलासपुर ने मामले की पुष्टि की है। इसी तरह से कांगड़ा जिला में 35 वर्षीय आर्मी जवान पॉजिटिव पाया गया है। यह जवान अहमदनगर से आया है। जवान को एमएच योल शिफ्ट किया जा रहा है। जबकि एक मामला मंडी जिला से सामने आया है।
ऊना में सेना के जवान सहित सात पॉजिटिव
ऊना में 7 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जबकि पांच संक्रमितों के फ़ॉलोअप सैंपल में से 4 पॉजिटिव रहे हैं, एक नेगेटिव पाया गया है। गगरेट उपमंडल के डंगोह खास का 50 वर्षीय सेना का जवान पॉजिटिव आया है। यह हैदराबाद से लौटा है। होम क्वारंटाइन में है। नंगल जरियालां निवासी 30 वर्षीय महिला संक्रमित के संपर्क में आई थी, होम क्वारंटाइन में है। गगरेट उपमंडल के टटेहड़ा का 9 साल का बच्चा भी संक्रमित पाया गया है। यह उत्तर प्रदेश से पिता के साथ आया है। ये इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन में है। गगरेट उपमंडल के नंगल जरियालां की 70 वर्षीय महिला भी संक्रमित के संपर्क में आई थी। यह होम क्वारंटाइन में है। गगरेट उपमंडल के मरवाड़ी का निवासी 34 वर्षीय युवक भी संक्रमित आया है, यह टैक्सी चालक है। यह जम्मू-कश्मीर से जवान को लेकर लौटा था। यह होम क्वारंटाइन में हैं। ऊना उपमंडल के रक्कड़ कॉलोनी की 60 वर्षीय महिला भी पॉजिटिव आई है। यह संक्रमित महिला के संपर्क में आई थी, होम क्वारंटाइन में है। ऊना उपमंडल के टक्का गांव निवासी नौसेना का जवान भी संक्रमित है। यह मुंबई से लौटा है, ये इंस्टीटूटशनल क्वारंटाइन में है।
बिलासपुर में कोरोना के चार नए मामले
जिला बिलासपुर में चार मामले आए हैं। इसमें एक 27 वर्षीय युवक घुमारवीं के राधा स्वामी में क्वारंटाइन था। यह युवक महाराष्ट्र से 19 तारीख को आया था, जो गांव चलारीं डाकघर कपाहड़ा तहसील घुमारवीं का रहने वाला है। 35 वर्षीय एक युवक भी संक्रमित आया है। युवक जम्मू से 16 तारीख को अपने घर आया था, जिसे होम क्वारंटाइन किया गया था। यह गांव कमेरा कलन डाकघर झबोला तहसील झंडुता का रहने वाला है। 24 वर्षीय युवक जो तमिलनाडु से 16 तारीख को आया था, जिसे होम क्वारंटाइन किया गया था। यह गांव घराण डाकघर घराण तहसील झंडुता का रहने वाला है। 53 वर्षीय महिला जो पंजाब के पटियाला में स्वास्थ्य सुविधा ले रही थी भी पॉजिटिव आई है। महिला गांव दलेट डाकघर लहेरी तहसील श्री नैणा देवी की रहने वाली है। डीसी बिलासपुर राजेश्वर गोयल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि इन चारों लोगों को कोविड अस्पताल चांदपुर ले जाया जा रहा है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group