- Advertisement -
काजा। हिमाचल प्रदेश के लाहुल-स्पीति जिला के काजा में बने आइस हॉकी रिंक में प्रशिक्षण ले रहे प्रतिभागियों में 15 प्रतिभागी एंडवास आइस हॉकी कैंप में हिस्सा लेने के लिए श्रीनगर के गुलमर्ग रवाना हो गए हैं। आज यानी मंगलवार को गुलमर्ग के लिए रवाना होने से पहले एडीएम ज्ञान सागर ने 15 सदस्यीय प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन लाहुल स्पीति के लिए ऐतिहासिक है। आज आठ लड़कियां और सात लड़के राष्ट्रीय आईस हॉकी कैंप जोकि गुलमर्ग में होने जा रहा है में हिस्सा लेने जा रहे हैं। यह यहां के बच्चों, आर्थिकी, टूरिज्म के लिए काफी अच्छा है। इससे बच्चों में आइस हॉकी के प्रति उत्साह बढ़ेगा। हमें उम्मीद है कि हमारे बच्चें भी राष्ट्रीय टीम के लिए चयनित होंगे। इस मौके पर कैंप नेशनल कोच अमित बेरवाल ने कहा कि काजा में शुरू हुए कैंप में 30 बच्चों को हमने बेसिक आईस हॉकी के लिए चयन किया था। इनमें से 15 बच्चों को गुलमर्ग में होने वाले राष्ट्रीय आइस हॉकी कैंप में ले जाया जा रहा है। गुलमर्ग में एक जनवरी से 14 जनवरी तक एंडवास बेसिक कैंप होगा। हमारा लक्ष्य है कि स्पीति का वातावरण विंटर स्पोर्ट्स के लिए काफी अनुकुल है। यहां से बच्चे तैयार होकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिस्सा लें। मैं काजा प्रशासन का काफी आभारी हूं जिन्होंने बच्चों को बेसिक सुविधाएं मुहैया करवाने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। 15 प्रतिभागियों के साथ तीन शिक्षक सोनम छोडन, लोबजंग छोजंम और छविंग दोरजे भी जा रहे हैं। इस मौके पर एसडीएम जीवन सिंह नेगी विशेष तौर पर मौजूद रहे।
- Advertisement -