-
Advertisement

एक दिन के लिए फिनलैंड की PM बनाई गई 16 वर्षीय लड़की; वजह जानें
नई दिल्ली। जलवायु और मानवाधिकारों के मुद्दों पर सक्रिय रूप से अभियान चलाने वाली 16 साल की एक किशोरी को एक दिन के लिए फिनलैंड (Finland) की पीएम बनाया गया। लड़कियों के अधिकारों को बढ़ावा देने के लिए वैश्विक ‘गर्ल्स टेकओवर’ अभियान के तहत 16-वर्षीय ऐवा मुर्तो को एक दिन के लिए देश की कमान सौंपी गई। बतौर रिपोर्ट्स, देश से लिंगभेद मिटाने के एक अभियान के हिस्से के रूप में को एवा मुर्तो (Aava Murto) यह सम्मान दिया गया।
मुर्तो ने बताया लड़कियों को क्या समझने की जरूरत है
बकौल मुर्तो, उनका संदेश है कि लड़कियों को ‘यह समझने की ज़रूरत है कि वे कितनी महत्वपूर्ण हैं और वे कैसे लड़कों के जैसे ही टेक्नोलॉजी में अच्छी’ हैं। इस एक दिन के कार्यकाल में मुर्तो राजनेताओं से मुलाकात करेंगी और तकनीक में महिलाओं के प्रतिनिधित्व और उनके अधिकारों पर बात करेंगी। मानवतावादी संगठन प्लान इंटरनेशनल की ‘गर्ल्स टेकओवर’ पहल में फिनलैंड की भागीदारी का यह चौथा वर्ष है। यह संगठन दुनियाभर के देशों के किशोरों को एक दिन के लिए नेताओं और अन्य क्षेत्रों के प्रमुखों की भूमिका निभाने की अनुमति देता है।
यह भी पढ़ें: अमेरिकी कवियित्री #Louise_Glück को मिला साहित्य का नोबेल पुरस्कार
इस वर्ष संगठन का जोर लड़कियों के लिए डिजिटल कौशल और तकनीकी अवसरों को बढ़ावा देने पर है। पीएम मारिन ने एक दिन के लिए अपना पद किशोरी एवा मुर्तो के लिए छोड़ दिया है। दुनिया में सबसे कम उम्र की पीएम के तौर पर केवल 34 साल की उम्र में शपथ लेने वाली मारिन ने जोर देकर कहा कि टेक्नोलॉजी की ‘सभी के लिए सुलभता’ सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। बता दें कि मारिन फिनलैंड की तीसरी महिला पीएम हैं और 4 अन्य पार्टियों के साथ केंद्र में गठबंधन का नेतृत्व करती हैं। इन चारों पार्टियों की अध्यक्ष महिलाएं हैं और इनमें से 3 की उम्र 35 साल से कम है।