-
Advertisement

पंजाब के लिए हिमाचल के 20 बस रूट बहाल, 27 दिन बाद चलाई रात्रि ठहराव वाली बसें
HRTC: हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) ने 27 दिनों के बाद पंजाब के लिए रात्रि ठहराव वाले 20 रूटों पर बस सेवाएं आज से बहाल कर दी हैं। निगम प्रबंधन ने गत दिवस दोपहर बाद इन बसों के लिए ऑनलाइन बुकिंग के लिए पोर्टल खोल दिया था और आज से तय समय के अनुसार ये बसें पंजाब के लिए चलेगी। 20 मार्च की रात अमृतसर बस अड्डे पर एचआरटीसी (HRTC) की बसों के शीशे तोड़े गए थे। सुरक्षा के मद्देनजर निगम प्रबंधन ने 21 मार्च को रात्रि ठहराव वाले 20 रूटों को बंद कर दिया था। इनमें 10 बसें अमृतसर, 4 होशियारपुर, 4 लुधियाना और दो रूट जालंधर के हैं।
बसों को सुरक्षा मुहैया करवाने का आश्वासन
हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhuने पंजाब के सीएम भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) से फोन पर बात की। पंजाब सीएम ने हिमाचल की बसों की पंजाब में सुरक्षा सुनिश्चित करने और हिमाचल की बसों पर हमला करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक (MD) डॉ. निपुण जिंदल ने इस मामले को लेकर पंजाब के डीजीपी ( DGP) सहित वहां के प्रशासनिक अधिकारियों से बात की थी। पंजाब प्रशासन ने बसों को सुरक्षा मुहैया करवाने का आश्वासन दिया है। वहीं विवाद अब शांत भी हो गया है। जिसके बाद निगम ने बसों के रूट दोबारा बहाल करने का निर्णय लिया है। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की करीब 600 बसें रोजाना पंजाब व पंजाब होकर अन्य स्थानों के लिए जाती है। दोनों राज्यों के बीच हुए समझौते के अनुसार इन बसों को चलाया जाता है।
संजू चौधरी