-
Advertisement
बड़ी खबरः Himachal में आज 53 मामले, 187 हुए ठीक-एक कोरोना पॉजिटिव की मृत्यु
Last Updated on August 26, 2020 by
शिमला। हिमाचल में कोरोना के 53 नए मामले सामने आए हैं। इसमें कांगड़ा में 16, ऊना में 11, सिरमौर व सोलन में दस-दस, कुल्लू में तीन, शिमला में दो व मंडी में एक मामला सामने आया है। वहीं, आज 187 कोरोना पाॅजिटिव ठीक हुए हैं। इसमें सबसे अधिक सोलन के 74, सिरमौर के 27, मंडी के 25, कांगड़ा के 23, चंबा के 14, हमीरपुर के 11, शिमला के 5, बिलासपुर के चार व कुल्लू के भी चार ठीक हुए हैं। हिमाचल में कुल आंकड़ा 5154 पहुंच गया है। अभी 1301 एक्टिव केस हैं। अब तक 3775 कोरोना पाॅजिटिव ठीक हुए हैं। हिमाचल में आज 2338 कोरोना सैंपल जांच को आए हैं। इसमें 1503 नेगेटिव रहे हैं। 812 की रिपोर्ट आनी बाकी है। आज के सैंपल से 23 ही पाॅजिटिव मामले हैं। हिमाचलमें कोरोना (Corona) के चलते 28वीं मौत हुई है। सोलन (Solan) जिला में एक कोरोना पॉजिटिव ने दम तोड़ा है। सोलन जिले के उपमंडल नालागढ़ के पंजेहरा में कोरोना से एक 75 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हुई है। बुजुर्ग नालागढ़ के ही एक निजी अस्पताल में चालक था। सोलन में कोरोना से मृत्यु का आंकड़ा 6 पहुंच गया है। मंडी अभी भी नंबर वन पर है। मंडी में सात की मृत्यु हुई है। इस माह 16 की मृत्यु हुई है।
कांगड़ा में दो महिला और एक पुरुष स्वास्थ्य कर्मी सहित 16 पॉजिटिव
डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल टांडा में 25 और 27 वर्षीय महिला स्वास्थ्य कर्मी पॉजिटिव आई हैं। बनखंडी देहरा में 45 साल का व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। यह बद्दी से लौटा है। कस्बा नरवाणा में 38 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। आर्मी जवान है। 18 अगस्त को जम्मू कश्मीर से आया है। सकोह का 26 वर्षीय स्वास्थ्य कर्मी भी पॉजिटिव पाया गया है। इसकी कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। नरेटी शाहपुर की 43 वर्षीय महिला पॉजिटिव पाई गई है। यह पहले पॉजिटिव मामले के संपर्क से है। बारा की 47 वर्षीय महिला भी संक्रमित आई है। यह भी पहले संपर्क में आए पॉजिटिव मामले के संपर्क से है। नलसूहा देहरा से 56 वर्षीय महिला संक्रमित पाई गई है। यह आर्मी जवान के परिवार से है। पहले पॉजिटिव के संपर्क से है। बेह डाडासीबा का 48 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। यह 17 अगस्त को गुजरात से लौटा है। पराल इंदौरा का 32 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। यह यूरोप से आया है। कछयारी कांगड़ा में 38 वर्षीय पैरा मिलिट्री जवान भी संक्रमित पाया गया है। यह 14 अगस्त को जम्मू कश्मीर से आया है। बगली का 67 वर्षीय व्यक्ति भी संक्रमित पाया गया है। यह पहले पॉजिटिव के संपर्क से है। एमएच योल का 22 वर्षीय आर्मी जवान भी पॉजिटिव आया है। जवान की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। 78 वर्षीय महिला भी संक्रमित पाई गई है। साथ ही 47 साल की महिला भी पॉजिटिव आई है। वहीं, आज 23 लोग ठीक हुए हैं।
यह भी पढ़ें: कोरोना राहतः Himachal में एक मामला, रिकवरी आंकड़ा 3600 के करीब पहुंचा
ऊना में आर्मी जवानों और रेलवे कर्मी सहित 11 पॉजिटिव
ऊना से सोमवार को कोविड जांच के लिए भेजे गए 88 सैंपल में 11 पॉजिटिव, जबकि 75 सैंपल नेगेटिव और 02 सैंपल रिजेक्ट हुए हैं। वहीं 05 संक्रमितों के फॉलोअप सैंपल्स भेजे गए थे, जोकि सभी नेगेटिव पाए गए हैं। पहला संक्रमित हरोली के नंगल खुर्द का है, जहां पर 24 वर्षीय युवक पॉजिटिव आया है, जो कि साऊदी से लौटा है। ये संस्थागत क्वारंटाइन में है। दूसरा पॉजिटिव बंगाणा उपमंडल के रायपुर मैदान का है, जहां पर 29 वर्षीय युवक पॉजिटिव आया है, जोकि पुणे से लौटा है और आर्मी जवान है। यह क्वांरटाइन सेंटर में है। तीसरा पॉजिटिव उपमंडल अंब के कटोहड़ खुर्द का है, जहां पर 31 वर्षीय युवक पॉजिटिव आया है, जो कि पठानकोट से लौटा है और आर्मी जवान है। यह क्वांरटाइन सेंटर में है। चौथा पॉजिटिव उपमंडल बंगाणा के लठियाणी का है, जहां पर 31 वर्षीय युवक पॉजिटिव आया है, जोकि गुड़गांव से लौटा है, जोकि रेलवे का कर्मी है। यह क्वांरटाइन सेंटर में है। दो संक्रमित हरोली के पंजावर के हैं, जहां पर 52 वर्षीय व्यक्ति व उसका 21 वर्षीय बेटा पॉजिटिव आया है, जोकि दिल्ली से लौटे है। यह क्वांरटाइन सेंटर में है। सातवां संक्रमित इंडस्ट्री एरिया मैहतपुर का है, जहां पर बिहार से आए 45 व 20 वर्षीय श्रमिक पॉजिटिव आए हैं। ये दोनों क्वांरटाइन सेंटर में है। वहीं उपमंडल ऊना से बहड़ाला में पति, पत्नी व बेटा पॉजिटिव आए हैं, जोकि घर पर ही मौजूद है। बेटे की उम्र तीन वर्ष है। ये तीनों घर के महिला सदस्य के संपर्क में आए हैं।
कुल्लू में आजमगढ़ से आए 3 मजदूर कोरोना पॉजिटिव
कुल्लू जिला में सेब सीजन के लिए बाहरी राज्यों से मजदूर लगातार आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से भुंतर में सेब की पैकिंग के लिए 3 मजदूरों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तीनों ही क्वारंटाइन में थे। डीसी कुल्लू ऋचा वर्मा ने बताया कि भुंतर में आजमगढ़ से आए तीन सेब पैकर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि यह तीनों की क्वारंटाइन में थे। इसलिए किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है।