-
Advertisement
बर्फबारी से प्रदेश के 5 NH सहित 619 सड़कें बंद, जानें कितने दिन खिलेगी धूप
Last Updated on January 29, 2020 by Vishal Rana
शिमला। प्रदेश में बर्फबारी (Snowfall) से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। भारी बर्फबारी (Snowfall) से प्रदेश की सैंकड़ों सड़कें प्रभावित हुई हैं और इनमें यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। बुधवार को 5 एनएच सहित करीब 619 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। अगर मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार से तीन फरवरी तक प्रदेश भर में मौसम साफ रहेगा। लोगों को इन दिनों में खिली धूप देखने को मिलेगी। जिससे तापमान में सुधार होगा। पर्वतीय क्षेत्रों में 4 फरवरी को फिर बर्फ़बारी हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम साफ बना रहेगा।
यह भी पढ़ें: पागल नाला में आया भारी मलबा, यातायात बंद; एक घंटे बाद भी नहीं पहुंची मशीनरी
ताजा बर्फबारी से राजधानी समेत पूरा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। बुधवार को राजधानी शिमला ने सफेद चादर ओढ़ ली। जिससे न्यनूतम और अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। इसी तरह से जनजातीय जिला किन्नौर में दो दिन से जारी बर्फबारी से जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतर गया है। दो दिन की इस बर्फ बारी के कारण पर्यटन स्थल छितकुल से डेढ़ फीट के करीब ताजा बर्फ दर्ज किया गया।
इसी तरह पर्यटन स्थल सांगला में एक फीट, रकछम, कल्पा व रोधी में डेढ़ फीट व जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में एक फीट के करीब ताजा हिमपात दर्ज किया गया। बुधवार दोपहर बाद पूरे जिला में बर्फबारी का दौर थम गया और हल्की धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। रोहड़ू-शिमला सड़क खड़ापत्थर के पास भारी बर्फबारी होने से पूरी तरह से बंद है। रोहडू उपमंडल के 500 से अधिक टांसफार्मर बंद पडे हुए हैं। सेब व गुठलीदार फसलों के लिए ताजा बर्फबारी को बागवानी विशेषज्ञों ने बेहतर बताया है।