-
Advertisement
Manali: दूल्हा बनने से कुछ देर पहले गायब हुए युवक का ब्यास नदी में मिला शव
मनाली। दूल्हा बनने से कुछ ही देर पहले गायब हुए व्यक्ति का शव (Dead Body) बरामद हुआ है। यह शव मनाली के साथ वशिष्ठ बिहाल में हेलीपैड के पास ब्यास नदी (Beas River) में बरामद हुआ है। युवक की पहचान कुलवंत उर्फ बीनू (30) पुत्र मान चंद निवासी वशिष्ठ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीते रोज शुक्रवार को लॉकडाउन (Lockdown) के बीच कम लोगों की मौजूदगी में युवक की शादी होने वाली थी। सभी तैयारियां पूरी हो गई थीं, लेकिन अल सुबह कुलवंत बिना किसी को बताए कहीं चला गया। परिजनों ने सोचा यहीं कही आसपास ही गया होगा, लेकिन जब काफी समय तक वह नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन शुरू की गई।
यह भी पढ़ें: ऑरेंज और ग्रीन जोन में किसकी होगी अनुमति किसकी नहीं, क्या बोले DGP-जानिए
गांववालों और शादी में आए रिश्तेदारों ने भी उसे काफी ढूंढा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी बीच शनिवार सुबह ब्यास नदी में एक शव (Dead Body) मिलने की सूचना पुलिस को मिली, जिसके बाद कुलवंत के परिजन भी मौके पर पहुंचे। जिन्होंने मृतक युवक की शिनाख्त कुलवंत के रूप में की। पुलिस ने शव को नदी से निकाल कर अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, कुछ ही देर में दूल्हा बना देखने की आस लगाए बैठे कुलवंत के माता-पिता के ऊपर तो जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के अनुसार कुलवंत की मौत डूबने से हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

