-
Advertisement
RCH Bhota में एक और ने जीती Corona से जंग, अब 7 दिन Home quarantine रहना होगा
हमीरपुर। सेकंडरी आइसोलेशन सुविधा स्थल, आरसीएच भोटा( RCH Bhota)में उपचाराधीन एक और कोरोना संक्रमित( Corona infected) व्यक्ति को उपचार के उपरांत होम क्वारंटाइन(Home quarantine)भेज दिया है। अस्पताल से अभी तक 11 रोगियों को सफल उपचार के बाद घर भेजा जा चुका है। जिला प्रशासन ने इसके लिए सभी कोरोना योद्धाओं के प्रयासों की सराहना की है। डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडीकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक एवं आरसीएच भोटा के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि बजरोल गांव के 50 वर्षीय व्यक्ति के नमूने गत 9 मई, 2020 को जांच हेतु लिए गए थे और कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि पर 12 मई, 2020 को उसे आरसीएच भोटा लाया गया था। इस व्यक्ति का पहला फॉलोअप सेंपल 19 मई, 2020 को पॉजीटिव था और इसके उपरांत 25 मई, 2020 को दूसरे फॉलोअप सेंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। ऐसे में आज इस व्यक्ति को आगामी 7 दिनों के लिए होम क्वारंटाइन में घर भेज दिया गया है। भोटा में उसकी हालत स्थिर बनी रही और अब स्वास्थ्य कर्मी घर पर ही उसकी देखभाल करेंगे।
17 रोगी यहां उपचाराधीन आरसीएच भोटा में
उन्होंने बताया कि सेकंडरी आइसोलेशन सुविधा स्थल आरसीएच भोटा से अभी तक कोरोना वायरस से संक्रमित 11 व्यक्तियों को पूर्ण रूप से उपचार के उपरांत घर भेजा जा चुका है। इनमें हमीरपुर जिला के अतिरिक्त ऊना जिला से संबंधित रोगी भी शामिल हैं। अस्पताल में कोरोना संक्रमित प्रथम मामला 11 अप्रैल, 2020 को लाया गया था और अब तक 31 व्यक्तियों को यहां भर्ती किया जा चुका है। तीन रोगियों को यहां से तृतयिक श्रेणी के सुविधा स्थलों के लिए रेफर किया गया है और वर्तमान में 17 रोगी यहां उपचाराधीन हैं। डीसी हरिकेश मीणा ने कोरोना संक्रमित व्यक्ति के सफल उपचार के लिए चिकित्सकों व सहायक स्टाफ सहित सभी कोरोना योद्धाओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वे बिल्कुल न घबराएं और इस महामारी से लड़ने में सरकार तथा प्रशासन को अपना सहयोग बनाए रखें।

