-
Advertisement
Atul Kaushik होंगे निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग के अध्यक्ष
शिमला। सरकार ने हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग में अध्यक्ष और एक सदस्य पद पर नियुक्ति की है। जिला सिरमौर के मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अतुल कौशिक (Atul Kaushik) को आयोग का चेयरमैन लगाया गया है, वहीं सदस्य के पद पर हमीरपुर जिला के प्रो. कमलजीत सिंह (Prof. Kamaljeet Singh) को नियुक्त किया गया है। प्रदेश सरकार की ओर से गठित सर्च कमेटी ने अध्यक्ष और सदस्य बनने के लिए आए विभिन्न आवेदनों की छंटनी कर नए अध्यक्ष और सदस्य का चयन किया है। एक सदस्य का पद अभी भी रिक्त चल रहा है। यह नियुक्ति 3 साल या फिर 65 साल की आयु तक मान्य होगी। बता दें कि नियामक आयोग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में मामला विचाराधीन है। राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है यदि सुप्रीम कोर्ट से कोई फैसला आता है तो उसके मुताबिक ही आगामी फैसले लिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: ऊना Indus University को हाईकोर्ट से राहत, दाखिला संबंधी आदेश पर फिलहाल रोक
हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल गुलमर्ग से सेवानिवृत्त अतुल कौशिक
मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अतुल कौशिक सेना के हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल गुलमर्ग (High Altitude Warfare School Gulmarg) से पहली जुलाई 2019 को सेवानिवृत्त हुए हैं। वे मूलत: सिरमौर जिला के नाहन से संबंध रखते हैं। हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल विश्व का एक ऐसा प्रशिक्षण स्कूल है, जहां भारतीय सेना के जवानों को किसी भी ऊंचाई वाले रण क्षेत्र पर जाने से पूर्व विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। विदेशों से भी सेना यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने आती है। अतुल कौशिक को सेना मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल मिल चुका है। अतुल कौशिक ने कहा कि सेवानिवृति के बाद से वह गांव में खेतीबाड़ी कर रहे थे। अब उन्हें नई भूमिका मिली है तो पहले अपने कार्य को समझेंगे और बेहतर कार्य करेंगे ताकि शिक्षा की गुणवत्ता बनी रहे। वह सोमवार को शिमला आएंगे और मंगलवार तक अपना पदभार ग्रहण करेंगे।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं प्रो. कमलजीत
वहीं, प्रो. कमलजीत सिंह मूलत: हमीरपुर जिला दोदड़ू गांव से संबंध रखते हैं। वह हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में विधि विभाग में प्रोफेसर हैं। विश्वविद्यालय में 26 साल के करियर में वे विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विभागाध्यक्ष, डीन ऑफ स्टडीज, चीफ वार्डन, लॉ कॉलेज के निदेशक भी रह चुके हैं। प्रो. कमलजीत सिंह ने कहा कि उन्हें जो नया दायित्व मिला है, उस पर वह खरा उतरने की कोशिश करेंगे।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page


