-
Advertisement
BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में दो प्रस्ताव पारित, जयराम सरकार की थपथपाई पीठ
शिमला। बीजेपी (BJP) हिमाचल प्रदेश की पहली सेमी वर्चुअल प्रदेश कार्यसमिति बैठक का आयोजन मंगलवार को बीजेपी मुख्यालय दीप कमल चक्कर शिमला से हुआ। प्रदेश कार्यसमिति बैठक की अध्यक्षता बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप (Suresh Kashyap) ने की। उनके साथ प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) विशेषरूप से उपस्थित रहे व प्रदेश के पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन व राष्ट्रीय सचिव तरूण चुग वर्चुअल माध्यम से जुड़े। बैठक का शुभारंभ प्रातः 10.30 बजे दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम गान से किया गया। प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश में सीएम जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में सुशासन की एक मिसाल सामने आई है।
यह भी पढ़ें: BJP की सेमी वर्चुअल प्रदेश कार्यसमिति बैठक शुरू, देखें तस्वीरें
प्रदेश में पिछले ढाई वर्ष का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। प्रदेश कार्यसमिति बैठक में दो राजनीतिक प्रस्ताव (Political Proposal) लाए गए, जिसमें प्रथम प्रस्ताव केंद्र की उपलब्धियों को लेकर मंडी से सांसद रामस्वरूप शर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया। वहीं, प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर भी प्रस्ताव पारित किया गया। इस अवसर पर कश्यप ने कहा कि पिछले 6 वर्षों में पीएम मोदी (PM Modi) के नेतृत्व में बीजेपी सरकार की स्पष्ट नीति साफ नियत और निर्णायक नेतृत्व का परिणाम है कि देश के गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में हम आगे बढ़े हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आहवान किया कि हम सभी को एकजुटता के साथ आगे बढ़ते हुए एक बार फिर हिमाचल प्रदेश में बीजेपी की सरकार 2022 में रिपीट करने के लिए प्रयास करने होंगे।

अनिल जैन बोले बीजेपी का कार्यकर्ता होना सौभाग्य की बात
वर्चुअल माध्यम से जुड़े बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन ने हिमाचल प्रदेश की वीर भूमि को नमन करते हुए कहा कि बीजेपी का कार्यकर्ता होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने सीएम जयराम ठाकुर को उनके कोविड-19 (Covid-19) के संकट काल में अच्छे कार्यों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को मजबूत करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में अटल पेंशन योजना देश में एक बड़ी योजना के रूप में उभर कर आई है, जिसमें हर नागरिक को 60 वर्ष की उम्र के बाद पेंशन का लाभ मिलेगा।

बैठक में चेतन बरागटा ने प्रस्तुत की ई बुक की तैयारियों से संबंधित रिपोर्ट
बैठक में ई बुक की तैयारियों से संबंधित रिपोर्ट प्रदेश के आईटी संयोजक चेतन बरागटा द्वारा प्रस्तुत की गई। बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप एवं बीजेपी संगठन मंत्री पवन राणा द्वारा संगठनात्मक एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी। बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव तरूण चुघ ने कहा कि केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लेकर एक नए भारत की नींव रखी। कोरोना (Corona) काल में लॉकडाउन (Lockdown) के दौरान गरीब जनता के लिए पीएम गरीब कल्याण योजना के तहत 170000 करोड़ रुपए का राहत पैकेज दिया यह अपने आप में एतिहासिक है।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page


