-
Advertisement
#Uttarakhand: नरेश बंसल राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित; जश्न में डूबी BJP
देहरादून। उत्तराखंड (Uttarakhand) से राज्यसभा (Rajya Sabha) की एक सीट के लिए हुए चुनाव में एकमात्र बीजेपी प्रत्याशी नरेश बंसल (Naresh Bansal) निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। प्रदेश से एक ही नामांकन होने के कारण इसके लिए चुनाव की जरूरत ही नहीं पड़ी। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य राजबब्बर का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो गया था। इसके चलते अब खाली हुई प्रदेश की राज्यसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी नरेश बंसल की ताजपोशी होगी। विधानसभा के प्रभारी सचिव एवं रिटर्निंग अफसर मुकेश सिंघल ने बंसल के निर्वाचन की घोषणा की। उनके नाम की घोषणा होने के बाद देहरादून में भाजपाईयों ने जुलूस निकालकर उनका स्वागत किया।
बीते 50 वर्षों से संगठन की सेवा कर रहे थे बंसल
70 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी के विधायकों की संख्या 57 है। इसे देखते हुए विपक्ष बंसल के खिलाफ प्रत्याशी उतारने का साहस नहीं जुटा पाया। ऐसे में उनकी जीत पहले ही तय हो गई थी। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन 27 अक्टूबर को बीजेपी प्रत्याशी नरेश बंसल ने सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बंशीधर भगत समेत अन्य पार्टी नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल कराया। 28 अक्टूबर को जांच में उनका नामांकन सही पाया गया।
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: उत्तर प्रदेश में BJP के 8, सपा से 1 और BSP से 1 प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए
बता दें कि बंसल आठ साल की आयु से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क में आए। निम्न मध्यम वर्गीय परिवार और वैश्य समाज से जुड़े बंसल आरएसएस के सक्रिय स्वयंसेवक होने के साथ बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री, प्रदेश महामंत्री और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष पद पर रहे हैं। पार्टी ने राज्यसभा (Rajya Sabha) का प्रत्याशी बनाकर उन्हें उनकी 50 साल की सेवा का ईनाम दिया है।
