-
Advertisement
#JammuKashmir : बर्फ में फंसे लोग, पांच घंटे पैदल चल कर Army के जवानों ने बचाई जान
जम्मू। मौसम ने करवट ले ली है देश के कई इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी (Snowfall) का दौर शुरू हो गया है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग, पहलगाम के अलावा जम्मू संभाग के पुंछ, राजोरी और डोडा जिले के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बीती शाम से जमकर बर्फबारी हो रही है। इससे एक तरफ जहां प्रकृति की सुंदरता में चार चांद लग गए हैं, वहीं लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है। बीती रात हुई बर्फबारी के कारण चिनगाम की ओर जाने वाले सिनथन पास पर 10 लोग फंस गए थे। रात भर वे लोग परेशान रहे क्योंकि बर्फबारी के कारण रास्ते बंद हो चुके थे। दूर-दूर तक मदद की कोई संभावना नहीं थी।
य़े भी पढे़ं – #Snowfall में फंसे UP और Uttarakhand के सीएम, केदारनाथ धाम के कपाट भी हुए बंद

लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही रात में ही सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस (Army and Jammu and Kashmir Police) की एक टीम उनकी मदद के लिए निकली। आलम ऐसा था कि टीम को बिल्कुल पास की चीजें भी नजर नहीं आ रही थीं। जीरो विजिबिलिटी के बावजूद फंसे हुए लोगों तक पहुंचने के लिए सेना और पुलिस की टीम एनएच 244 से उतरकर कई किलोमीटर तक पैदल चलती रही। करीब पांच घंटे लगातार पैदल चलने के बाद टीम उन तक पहुंच पाई। वहां पहुंचकर टीम ने बर्फबारी में फंसे 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें सात पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। टीम ने सभी को सिनथन मैदान तक लाकर पहले भोजन आदि दिया और उसके बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर लोगों ने सेना के जवान और टीम का आभार जताया।

