-
Advertisement
घाटे से उबरने के लिए जयराम की #HPTDC को सलाह, पट्टे पर दें परिसंपत्तियां
शिमला। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) कुछ वर्षों से घाटे में चल रही कुछ परिसंपत्तियों (Assets) को पट्टे पर देने पर विचार कर सकता है, जिससे निगम को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा। इनमें तैनात कर्मचारियों की सेवाएं अन्य स्थानों पर ली जा सकती हैं। इसी प्रकार, काफी अर्से से उपयोग में नहीं लाई जा रही सड़क किनारे सुविधाओं को भी निगम के लाभ के लिए अन्य विभागों को या पट्टे पर हस्तांतरित किया जाना चाहिए। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने आज यहां हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के निदेशक मंडल (BOD) की 155वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश में निगम की इकाइयों को लाभप्रद और व्यवहार्य बनाने के लिए अधिक सक्रिय और व्यावसायिक दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया।
यह भी पढ़ें: सरकार के तीन साल पर बोले Jai Ram -लोगों का मिला पूरा सहयोग, आगे भी करवाएंगे विकास के काम
अप्रैल से 30 नवंबर तक 18.42 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित
जयराम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 (Covid-19) महामारी ने प्रदेश के पर्यटन उद्योग को बुरी तरह प्रभावित किया है। निगम 1 अप्रैल से 30 नवंबर तक 18.42 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित करने में सफलता हासिल की, जबकि पिछले वर्ष इस अवधि के दौरान 63.24 करोड़ रुपये के राजस्व की प्राप्ति हुई। निगम ने महामारी के दौरान क्वारंटाइन (Quarantine) सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार को अपनी संपत्तियां उपलब्ध करवाकर 70 लाख रुपये की धनराशि अर्जित की। उन्होंने कहा कि निगम को अपने कार्य में कुशलता लाने के लिए परिभाषित मापदंडों और केंद्रित लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए। बुकिंग और ऑक्यूपेंसी के लिए लक्ष्य निर्धारित किए जाने चाहिए और प्रतिस्पर्धा की भावना से कार्य करने को प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए, जिसके लिए इन कार्यां को प्रोत्साहनों के साथ जोड़ा जा सकता है।
होम-स्टे योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें प्रेरित
जयराम ठाकुर ने कहा कि अटल टनल रोहतांग (Atal Tunnel Rohtang) के खुलने से कुल्लू (Kullu) और लाहुल-स्पीति जिलों में पर्यटकों की आवाजाही में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है इसलिए पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। जिला लाहुल-स्पीति में सिसू से केलांग के बीच पर्यटकों को ठहरने और खाने-पीने की सुविधाएं प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को सरकार की होम-स्टे योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए, जिससे ना केवल उनकी आर्थिकी सुदृढ़ होगी, बल्कि पर्यटकों को जनजातीय क्षेत्रों की समृद्ध और अनूठी संस्कृति व जीवनशैली की झलक भी देखने को मिलेगी।
जिस्पा और सिसू में टेंट और प्री-फैब्रीकेटिड ढांचे की सुविधाएं तलाशी जाएं
जयराम ठाकुर ने कहा कि निगम को जिस्पा और सिसू में पर्यटकों को ठहरने की सुविधा प्रदान करने के लिए टेंट और प्री-फैब्रीकेटिड ढांचे की सुविधाएं उपलब्ध करवाने की संभावनाएं तलाशी जानी चाहिए। पर्यटकों की सुविधा के लिए केलांग में निगम के चंद्रभागा होटल का जीर्णोंद्धार और विस्तार किया जाएगा। उन्होंने पर्यटकों को सड़क के किनारे सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विशेष कदम उठाने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि निगम ने अगले वर्ष 31 मार्च तक अपनी सभी परिसंपत्तियों में किराये में 40 प्रतिशत छूट दी है, जबकि पहले पर्यटकों को 25 से 40 प्रतिशत की छूट मिल रही थी। इसी कारण कोविड-19 के बावजूद निगम की परिसंपत्तियों में ठहरने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दृष्टिगत मेहमानों को विभिन्न प्रकार के रोग प्रतिरोधक व्यंजन परोसे जा रहे हैं।
निगम के कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर दिया जाए बल
जयराम ठाकुर ने कहा कि निगम के मौजूदा कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर अधिक बल दिया जाना चाहिए, ताकि वे पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान कर सकें। सचिव पर्यटन देवेश कुमार ने सीएम को आश्वासन दिया कि निगम अधिक व्यावसायिक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर वांछित परिणाम प्राप्त करने की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा। निगम की प्रबंध निदेशक कुमुद सिंह ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। मुख्य सचिव अनिल खाची, अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, सीएम के प्रधान सचिव जेसी शर्मा, निदेशक पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन यूनुस सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए Like करें हिमाचल अभी अभी का Facebook Page….

