-
Advertisement
हिमाचल में भारत बंद बेअसरः सभी बाजार खुले, बाहरी राज्यों के लिए बस सेवाएं हुईं प्रभावित
हिमाचल अभी अभी। कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर बुलाए गए भारत बंद का हिमाचल प्रदेश में खास असर देखने को नहीं मिला। प्रदेश में दुकानें और बाजार खुले रहे। लोग भी खरीदारी करते रहे। लेकिन भारत बंद के चलते एचआरटीसी ने अपनी बसों को हिमाचल के बाहर नहीं भेजा। हिमाचल की पंजाब की सीमा के साथ लगते बॉर्डर एरिया तक ही बसों का संचालन हुआ। ऐसे में लोगों को परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। कई जगहों पर निगम की बसों को सुबह ही चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए रवाना कर दिया, ताकि बस बंद वाली जगहों से समय रहते ही निकल जाए। ऊना डिपो से चंबा-चंडीगढ़ और दिल्ली के रूट पर सवारियों से भरी बस को रवाना किया गया। यह बस पंजाब में बंद का असर होने से पहले ही संभावित संवेदनशील इलाकों को क्रॉस करके आगे निकल गई।
ये भी पढ़ेः भारत बंद पर बोले जयराम- हिमाचल के लोग शांतिप्रिय, किसी के बहकावे में नहीं आते
ऊना में जिला में नहीं दिखा कोई असर
ऊना में भारत बंद का कोई खासा असर देखने को नहीं मिला। यहां सामान्य दिनों की तरह ही जनजीवन चलता नजर आया। भारत बंद की कॉल के बावजूद यहां के बाजार सामान्य दिनों की तरह खुले रहे। वही परिवहन सेवाएं भी जिला और प्रदेश के भीतरी रूटों पर दौड़ती नजर आई।
हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सोमेश शर्मा ने कहा व्यापारी किसानों के साथ है लेकिन किसानों ने इस भारत बंद के संबंध में व्यापार मंडल से बंद को लेकर किसी भी तरह की वार्ता नहीं की है। उन्होंने कहा कि अगर किसान इस संदर्भ में व्यापार मंडल से चर्चा करते तो व्यापार इस बारे जरूर कोई निर्णय ले सकता था। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश धीमान ने बताया कि भारत बंद के चलते प्रदेश के बाहर जाने वाले एचआरटीसी के सभी रूटों को बंद रखा गया है। निगम प्रबंधन द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से यह फैसला पहले ही ले लिया गया था। हालांकि प्रदेश और जिला के भीतर चलने वाले सभी बस रूट निर्धारित समय पर सामान्य रूप से चल रहे हैं। प्रदेश और जिला के भीतर चलने वाले किस रूट में कोई कटौती नहीं की गई है। हालांकि क्रॉस बॉर्डर जाकर प्रदेश के अन्य जिलों को जाने वाले बस रूट्स को भी रद्द कर दिया गया है।
कांगड़ा में खुले रहे बाजार
कांगड़ा में भारत बंद का असर नहीं दिख रहा है। जिला में सुबह सामान्य तौर पर दुकानें खुली हैं और लोग खरीददारी कर रहे हैं। भारत बंद को जिला कांगड़ा में प्रत्यक्ष असर केवल हिमाचल पथ परिवहन निगम पर ही पड़ा है। एचआरटीसी के धर्मशाला डिपो से भी सुबह दिल्ली, चंडीगढ़ के लिए जो बसें निकलीं, लेकिन इन बसों को केवल मैहतपुर ऊना तक ही भेजा गया। ऊना के बाद सवारियों को अपने स्तर पर जाने को कहा गया। इसी तरह अमृतसर व पठानकोट के लिए जाने वाली बसें भी ढांगू तक ही जा पाईं।