-
Advertisement
अनियंत्रित होकर खेतों में जा घुसी HRTC की बस, 25 यात्री थे सवार-मची चीख पुकार
HRTC Bus Accident: बिलासपुर से धर्मशाला जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस शनिवार सुबह हादसे का शिकार हो गई। लदरौर-घंडालवी के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और नाली पार करते हुए सीधे खेतों में जा घुसी। घटना के दौरान बस में सवार करीब 25 यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, हालांकि 8 से 10 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
नाली को लांघती हुई खेतों में जा रुकी बस
जानकारी के अनुसार,एचआरटीसी की ये बस सुबह 7बजे बिलासपुर से धर्मशाला के लिए रवाना होती है। शनिवार को भी बस अपने निर्धारित रूट घुमारवीं, भराड़ी और लदरौर होते हुए ग्रामीण क्षेत्र की ओर जा रही थी। जैसे ही घंडालवी के समीप पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस की रफ्तार अधिक होने के कारण वह सड़क किनारे बनी नाली को लांघती हुई खेतों में जा रुकी।
बस में करीब 25 यात्री सवार थे
हादसे के वक्त बस में करीब 25 यात्री सवार थे। बस के अचानक अनियंत्रित होने और खेतों में उतरने से यात्रियों को जोरदार झटका लगा। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवहन निगम के अधिकारी हरकत में आए। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए तुरंत दूसरी बस का प्रबंध किया गया, जिसके माध्यम से सभी मुसाफिरों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
सुभाष
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

