-
Advertisement
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: CM फडणवीस की चेतावनी-कोई भी गैंग हो, छोड़ा नहीं जाएगा, गुजरात तक बढ़ी तलाश
Tiger Shroff Firing Case : फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गत शाम जुहू इलाके में जानलेवा हमला हुआ है। अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ 5 राउंड फायरिंग की। इस सनसनीखेज वारदात में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस और उमेश चव्हाण नाम का एक अन्य शख्स घायल हो गए हैं, जिनमें से उमेश की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद टाइगर श्रॉफ की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें उनकी बांह और सीने पर पट्टियां बंधी नजर आ रही हैं। मामले में महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत गंभीर और निंदनीय करार देते हुए कहा कि “पुलिस ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है और आरोपियों के सुराग मिल चुके हैं। फडणवीस ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि चाहे कोई भी गैंग हो, किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “मुंबई पुलिस जानती है कि इन्हें सीधा कैसे करना है। इनके आका कहीं पर भी बैठे हों, प्रक्रिया पूरी कर इन्हें ढूंढ निकालेंगे।इस मुद्दे पर राजनीति गरमाने के बीच सीएम ने विपक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि विपक्ष इस घटना को हाइजैक करने की कोशिश कर रहा है। मुंबई पुलिस से मिली अहम जानकारियों के बाद गुजरात पुलिस भी पूरी तरह सतर्क हो गई है।सूत्रों के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने इनपुट साझा किया है कि टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले आरोपी भागकर गुजरात के सूरत में पनाह ले सकते हैं।
कैसे हुई वारदात?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रविवार शाम को जुहू इलाके में जब टाइगर श्रॉफ की कार गुजर रही थी, तभी बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया। कार पर कुल 2 लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जबकि तीसरा शख्स बाइक चला रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को बरामद कर लिया है।
लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी और सामने आए हमलावरों के चेहरे
इस हाई-प्रोफाइल फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने ली है। पुलिस ने इस मामले में 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और उनकी तलाश तेज कर दी है। इस बीच, आरोपियों की एक तस्वीर भी सामने आई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों के भागने के पूरे रूट का पता लगाया जा सके।
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने की मुलाकात
घटना की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे देर रात टाइगर श्रॉफ से मिलने उनके आवास पहुंचे। मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया को जानकारी दी कि हमले के दौरान उड़ने वाले कांच के टुकड़ों और बारूद की वजह से टाइगर श्रॉफ के हाथ में भी चोटें आई हैं। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही हैं। लॉरेंस गैंग के नाम से आए इस धमकी भरे हमले के बाद से फिल्म इंडस्ट्री और जुहू इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पंकज शर्मा
