-
Advertisement
CU स्थाई परिसर के शिलान्यास को 1 साल पूरा- ABVP की शोक सभा, मौन भी रखा
Last Updated on February 21, 2020 by Deepak
धर्मशाला। केंद्रीय विश्वविद्यालय (CU) शाहपुर स्थित अस्थाई परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा शोक सभा आयोजित कर 5 मिनट का मौन रखकर मोमबत्तियां जलाई गईं। इकाई अध्यक्ष साहिल राणा ने कहा कि 1 वर्ष पूर्व 21 फरवरी 2019 को केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर व प्रदेश सीएम जयराम ठाकुर ने देहरा व धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थाई परिसर का शिलान्यास किया था।
यह भी पढ़ें: Mandi का शख्स खूनी BSL नहर से बचा चुका है सैकड़ों जिंदगियां, पर इस बात का है मलाल
वह समय केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए बहुत ही खुशी का समय था। आज 1 वर्ष बीतने पर भी केंद्रीय विश्वविद्यालय (CU) का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, जिससे आहत छात्रों ने केंद्रीय विश्वविद्यालय शाहपुर परिसर में शोक सभा का आयोजन किया। साहिल राणा ने कहा कि यह केंद्र व प्रदेश सरकार का राजनीतिक ढोंग था कि चुनावों के समय इसका शिलान्यास किया गया परंतु आज दिन तक कुछ भी कार्य शुरू नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को पता है कि अब 2024 में जाकर चुनाव होने हैं और प्रदेश सरकार को भी पता है कि चुनाव 2022 में होने हैं। इसलिए दोनों सरकारें केंद्रीय विश्वविद्यालय को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखा रहीं।
15 अगस्त 2007 को हुई थी घोषणा
केंद्रीय विश्वविद्यालय (CU) 20 मार्च 2009 को अस्तित्व में आया था। शाहपुर के छतड़ी में राजकीय महाविद्यालय से लिए गए भवन में अस्थाई तौर पर इसे शुरू किया गया था। धर्मशाला के लिए केंद्रीय विवि की अधिसूचना 20 मार्च 2009 को तत्कालीन राष्ट्रपति ने जारी की थी।
इससे पहले तत्कालीन पीएम मनमोहन सिंह ने 15 अगस्त 2007 को स्वतंत्रता दिवस पर हिमाचल प्रदेश के लिए केंद्रीय विश्वविद्यालय की घोषणा की थी। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद राजकीय महाविद्यालय शाहपुर के भवन में सीयू (CU) का अस्थाई कैंपस शुरू हुआ था। इस समय शाहपुर, धर्मशाला व देहरा ब्यास परिसर में तीन अस्थाई खंडों में विभिन्न विषयों के 12 स्कूल चल रहे हैं।
कितनी भूमि हुई केंद्रीय विश्वविद्यालय के नाम
जदरांगल में अभी तक 24 हेक्टेयर भूमि सीयू के नाम हो चुकी है, जबकि 300 हेक्टेयर और भूमि की स्वीकृति का मामला एफसीए के पास है। देहरा में 34 हेक्टेयर भूमि सीयू के नाम हो चुकी है और यहां भी 81 हेक्टेयर भूमि को एनओसी का इंतजार है।