-
Advertisement
जयपुर में CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका की टीम पर हमला: गाड़ियों पर पथराव, हाथापाई और मोबाइल तोड़े
Jaipur CJP Protest: जयपुर के बगरू स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल रामपुरा कंवरपुरा में निरीक्षण करने पहुंचे CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनकी टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुई इस घटना में ग्रामीणों ने टीम के सदस्यों से मारपीट कर उन्हें मौके से खदेड़ दिया। इस दौरान गाड़ियों पर पथराव किया गया और मोबाइल फोन भी तोड़ दिए गए। रांका के साथ मौजूद महिला समर्थकों पर स्थानीय महिलाओं द्वारा मिट्टी फेंकने की बात भी सामने आई है।
हमले में एक का हाथ फ्रैक्चर, रांका की शर्ट फटी
CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने इस पूरे घटनाक्रम का आरोप भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं पर लगाया है। रांका ने बताया कि हमले में उनकी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए, एक महिला समर्थक के साथ हाथापाई की गई और उनकी अपनी शर्ट भी फाड़ दी गई। मारपीट में टीम के एक सदस्य का हाथ फ्रैक्चर हो गया है।
48 घंटे का अल्टीमेटम: आंदोलन और इस्तीफे की चेतावनी
घटना के बाद आशुतोष रांका ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा, “आज पूरे देश ने भाजपा की गुंडागर्दी लाइव देखी है। यह हमला शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के इशारे पर हुआ है।” उन्होंने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए मांग की है कि हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और स्कूल निरीक्षण रोकने का आदेश वापस लिया जाए। रांका ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो पूरे राजस्थान में उग्र आंदोलन किया जाएगा और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के इस्तीफे की मांग की जाएगी।
सुबह से ही बना हुआ था तनाव का माहौल
घटना से पहले सुबह करीब 8 बजे भी CJP के कुछ कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीणों की तीखी धक्का-मुक्की हुई थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें गांव से बाहर खदेड़ दिया था। CJP के विरोध में नारेबाजी करते हुए ग्रामीण सरकारी स्कूल के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। विरोध दर्ज कराने के लिए ग्रामीणों ने गांव के मुख्य मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर नाकाबंदी कर दी और वहां से गुजरने वाली गाड़ियों की जांच शुरू कर दी थी।
स्कूल की बिल्डिंग जर्जर
रामपुरा गांव के सरकारी स्कूल की बिल्डिंग जर्जर हो गई है। स्कूल को बच्चों के लिए बंद कर दिया गया है। छत पर लोहे के एंगल लगाए गए हैं। स्कूल को 50 मीटर दूर एक बाड़े में शिफ्ट कर दिया गया है। बच्चे टीनशेड के नीचे पढ़ाई कर रहे हैं। बच्चे जहां पढ़ रहे हैं, उसके पास पशुओं का चारा भरा है। दीवारों की ईंटें गिर गई हैं।
ग्रामीण बोले- किसी बाहरी को घुसने नहीं देंगे
ग्रामीणों और बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है, ‘हम इस स्कूल को अपने स्तर पर ठीक करवा लेंगे। सरकार ने 12.50 लाख रुपए स्वीकृत भी कर दिए हैं। हम किसी भी बाहरी व्यक्ति को यहां नहीं आने देंगे। कॉकरोच यहां आकर गंदगी करना चाहते हैं, जिसे हम किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।’
पंकज शर्मा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
