-
Advertisement
तीन लाख मिले, फिर भी नहीं डगमगाया Auto चालक का ईमान, मालिक को लौटाए
मंडी। तीन लाख जैसी बड़ी रकम मिलने पर किसी का भी ईमान डगमगा सकता है, लेकिन मंडी (Mandi) शहर के ऑटो चालक (Auto Driver) ने ईमानदारी का परिचय देते हुए तीन लाख की रकम को सुरक्षित उसके मालिक तक पहुंचा दिया। शनिवार को एएसपी मंडी आशीष शर्मा की मौजूदगी में ऑटो चालक के हाथों यह राशि वापिस उसके मालिक को लौटा दी गई। बता दें कि 15 अक्टूबर को मंडी शहर निवासी बुजुर्ग योगराज शर्मा ने बैंक से तीन लाख की राशि निकाली। इसके बाद वह ऑटो के माध्यम से बाजार की तरफ गए, लेकिन जहां ऑटो से उतरे तो अपना पैसों से भरा बैग ले जाना भूल गए। कुछ समय बाद ऑटो चालक पितांबर सिंह की पिछली सीट पर पड़े बैग पर नजर पड़ी। उसने खोलकर देखा तो उसमें भारी भरकम रकम पड़ी हुई थी।
यह भी पढ़ें: सुंदरनगर में व्यवसायी के खाते से उड़ाई 55 हजार की राशि, जांच में जुटी पुलिस
पितांबर सिंह ने बीना समय गंवाए यह राशि सीटी पुलिस (Police) चौकी मंडी के सुपुर्द कर दी। पुलिस ने दो दिनों तक इन पैसों के मालिक की तलाश की। इतने में बुजुर्ग योगराज अपने बेटे के साथ पुलिस चौकी पैसों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने पहुंचे। योगराज ने पुलिस को जो कहानी बताई उससे यह स्पष्ट हो गया कि यह रकम उन्हीं की है। आज एएसपी मंडी आशीष शर्मा (ASP Mandi Ashish Sharma) की मौजूदगी में ऑटो चालक के हाथों यह राशि वापिस योगराज को लौटा दी गई। योगराज के पुत्र दीपक शर्मा ने इसके लिए ऑटो चालक का आभार जताया। वहीं, एएसपी मंडी ने भी ईमानदारी के लिए ऑटो चालक पितांबर सिंह की पीठ थपथपाई।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…


