-
Advertisement
IPL 2026 के आखिरी दो मैचों से पहले BCCI का बड़ा फैसला, ‘स्मार्ट चश्मे’ पहनने पर लगा बैन-ये है कारण
BCCI IPL 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने खेल में भ्रष्टाचार और सुरक्षा को लेकर एक सख्त कदम उठाया है। BCCI की एंटी करप्शन और सुरक्षा इकाई (ACSU) ने IPL 2026 के आखिरी दो मैचों से पहले नई एडवाइजरी जारी की है, जिसके तहत अब खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ मैच के दौरान ‘स्मार्टग्लासेस’ (हाईटेक धूप के चश्मे) का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे।
आखिर क्या है स्मार्ट चश्मों में?
ACSU ने सभी फ्रेंचाइजियों को बताया है कि बाजार में ऐसे स्मार्ट चश्मे आ गए हैं, जिनमें लाइव स्ट्रीमिंग, टेक्स्ट मैसेजिंग और मोबाइल डेटा या वाई-फाई के जरिए ऑडियो-वीडियो कॉलिंग जैसी आधुनिक संचार सुविधाएं मौजूद हैं। इन सुविधाओं को खेल की सुरक्षा और भ्रष्टाचार-रोधी नियमों के लिए एक बड़ा खतरा माना जा रहा है।
जमा कराने होंगे चश्मे
नए निर्देशों के अनुसार, खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के क्षेत्र (PMOA) में इन स्मार्ट चश्मों को ‘ऑडियो/वीडियो रिकॉर्डिंग और संचार उपकरण’ की श्रेणी में रखा गया है। इसलिए, मैच के दिन ड्रेसिंग रूम, डग आउट या मैदान पर जाने से पहले खिलाड़ियों और स्टाफ को अपने मोबाइल फोन और स्मार्टवॉच के साथ-साथ ये स्मार्ट चश्मे भी सिक्योरिटी लायजन ऑफिसर (SLO) के पास जमा कराने होंगे। नियमों का उल्लंघन करने पर दंडात्मक कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाया जाएगा। बता दें कि हाल ही में टीम डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर राजस्थान रॉयल्स के एक अधिकारी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
पंकज शर्मा

