-
Advertisement
कांग्रेस नेता अपनी ही पार्टी से खुश नहीं, चुनाव से पहले ही मानी हारः देवेंद्र राणा
शिमला। प्रदेश बीजेपी चुनाव सह प्रभारी देवेंद्र राणा ( BJP election co-in-charge Devendra Rana) ने कहा कि प्रदेश की जनता ने रिवाज बदलने की ठान ली है। इस बार फिर से बीजेपी की सरकार बनाना तय है।उन्होंने कांग्रेस(Congress) की अंतर्कलह और कमजोर नेतृत्व का जिक्र किया। राणा ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने अपने मन की बात कहते हुए कबूल कर लिया कि उनकी पार्टी में ना तो तंत्र हैं और ना ही नेतृत्व। देवेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश में रिवाज जरूर बदलेगा और फिर से बीजेपी की सरकार बनेगी। राणा ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उन्होंने आम लोगों से भी मुलाकात की और सभी मान रहे हैं कि हिमाचल की जयराम सरकार( Jairam Govt) ने पांच साल के कार्यकाल में अभूतपूर्व विकास एवं जनहित के कार्य किए हैं।
यह भी पढ़ें- पूर्व विधायक मंगलेट का बड़ा बयान, बोले- कांग्रेस नेता ने भांजे को दिया सर्वे का काम
राणा ने कहा कि पूरे प्रदेश भर में आज मंडी चलो की गूंज है। पीएम मोदी( PM Modi) के प्रति जोश और उत्साह है। युवा आज के समय में जानता है कि देश को सुदृढ़ करने में कोई सक्षम है तो वो सिर्फ पीएम नरेन्द्र मोदी है। दूसरी तरफ कांग्रेस पूरी तरह से बिखराव की ओर है उनके पास ना नेता है, ना नीति है और ना नियति। राणा ने कहा कि आज देश और प्रदेश में कांग्रेस के नेता ही उनकी पार्टी से खुश नहीं हैं। बीते दिनों जम्मू.कश्मीर से कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने इस्तीफा दिया। उसके बाद पूर्व केंद्र मंत्री आनंद शर्मा ने इस्तीफा दिया और हाल ही में हिमाचल के ही रामलाल ठाकुर ने उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया। यही वजह है कि आज कांग्रेस में रहकर कांग्रेस के नेता, पदाधिकारी और उनके कार्यकर्ता खुद को असुरक्षित समझ रहे हैं।
एक सवाल के जवाब में देवेंद्र राणा ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में कोई मतभेद नहीं हैं। सभी एकजुट हैं और इकट्ठे होकर चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। देवेंद्र राणा ने कहा कि संसदीय बोर्ड और पार्टी के आलाकमान के फैसले के बाद ही टिकटों का आवंटन होगा और सब मिलकर रिवाज बदलेंगे जैसे उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश में बदला है ।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

