-
Advertisement
MC शिमला मेयर के ख़िलाफ बीजेपी का प्रदर्शन, सुरेंद्र चौहान बोले- सदन में बदसलूकी बर्दाश्त नहीं
Shimla Municipal Corporation: नगर निगम शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान के ख़िलाफ़ बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी ने अपने पार्षद बिट्टू कुमार पर उनके साथ बदसलूकी करने के आरोप लगाए हैं। इसे लेकर बीजेपी ने सीटीओ चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। बीजेपी कार्यकर्ताओं और पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महापौर सुरेंद्र चौहान के फैसले को गलत और गैरकानूनी बताया। उधर महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि नगर निगम सदन के भीतर किसी तरह की बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी विरोध करने की स्वतंत्रता है, लेकिन विरोध लोकतांत्रिक दायरे में रहकर होना चाहिए।
महापौर का पद पर बने रहना असंवैधानिक
बिट्टू कुमार ने कहा कि वह एक चुने हुए प्रतिनिधि हैं। मेयर भी पहले पार्षद चुनकर आए हैं। ऐसे में उनके साथ इस तरह का सलूक करना सही नहीं है। बीजेपी के अध्यक्ष केशव चौहान ने कहा कि महापौर का कार्यकाल छह जनवरी को ख़त्म हो चुका है। ऐसे में उनका अपने पद पर बने रहना असंवैधानिक है। इसी तरह बीजेपी पार्षद सरोज ठाकुर ने भी महापौर की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। साथ ही अन्य कांग्रेस विधायकों पर भी पार्षद के साथ बदसलूकी के आरोप लगाए। बीजेपी ने स्पष्ट किया है कि वे महापौर के ख़िलाफ अपना विरोध जारी रखेंगे। वे बिना अधिकार अपने पद पर बने हुए हैं। पार्षद के साथ इस तरह की बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पार्षदों का आरोप है कि महापौर ने नियमों का उल्लंघन करते हुए पार्षद को निलंबित किया है, जबकि उनके पास ऐसा करने का अधिकार नहीं है।
पद पर बने रहना बीजेपी के लोग तय नहीं कर सकते
बीजेपी के इस विरोध पर अब महापौर सुरेंद्र चौहान ने पलटवार किया है। सुरेंद्र चौहान ने कहा कि नगर निगम सदन के भीतर किसी तरह की बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिट्टू कुमार पर कानून के तहत एक्शन लिया गया है। चौहान ने कहा कि उनका पद पर बने रहना बीजेपी के लोग तय नहीं कर सकते। इस संबंध में सरकार ने विधानसभा से विधेयक पारित करके राज्यपाल को भेजा गया है। इसी मामले में नगर निगम की ओर से भी एक प्रस्ताव राज्यपाल को भेजा गया है। सुरेंद्र चौहान ने कहा कि बीजेपी पार्षद पर नियमों के तहत एक्शन लिया गया है। नगर निगम कानून के मुताबिक चल रहा है और आगे भी चलेगा। कोई अनावश्यक रूप से गुंडागर्दी करने का प्रयास करेगा तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
