-
Advertisement
भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत: अध्यक्ष बदलने के बाद UK की लेबर पार्टी ने बदला Kashmir मसले पर रुख
लंदन। भारत को कश्मीर मसले पर ब्रिटेन में एक बड़ी कूटनीतिक जीत हासिल हुई है। ब्रिटेन (Britain) में विपक्षी लेबर पार्टी (Labour Party) के नए प्रमुख कीर स्टार्मर (Keir Starmer) ने कश्मीर को भारत और पाकिस्तान का ‘द्विपक्षीय मुद्दा’ बताते हुए इस मसले को लेकर अपना रुख बदल लिया है। हाल ही में अध्यक्ष बने केर स्टार्मर ने कश्मीर पर अपनी पार्टी के स्टैंड को बदलने का ऐलान करते हुए कहा कि इसमें ब्रिटेन की कोई भूमिका नहीं है। स्टार्मर ने कहा कि दोनों देशों को इस मुद्दे का शांतिपूर्ण हल करना होगा। साथ ही यह भी कहा कि भारतीय उपमहाद्वीप के इस तरह के मुद्दों को लेकर ब्रिटेन में समुदायों को बांटने की इजाजत नहीं देनी चाहिए।
गौरतलब है कि ब्रिटेन में भारतीय और पाकिस्तानी मूल के लोगों की अच्छी तादाद है और दोनों ही समुदाय यहां की राजनीति में बड़ी अहमियत रखते हैं। ऐसे में स्टार्मर के बदलते रुख को ब्रिटेन में भारतीय समुदाय में लेबर पार्टी के आधार को फिर से मजबूत करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। पूर्व जेरेमी कॉर्बिन के कार्यकाल में सितंबर 2019 में लेबर पार्टी के वार्षिक सम्मेलन में कश्मीर मसले पर अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की जरूरत का प्रस्ताव पारित किया था।
लेबर पार्टी को अपने इस रुख का खामियाजा आम चुनाव में उठाना पड़ा। लेबर पार्टी की ओर झुकाव रखने वाले भारतीय मतदाता उससे दूर चले गए और चुनाव में लेबर पार्टी की करारी हार हुई। ऐसे में शायद यही वजह है कि लेबर पार्टी के नए नेता कश्मीर मुद्दे की वजह से भारतीय समुदाय की नाराजगी मोल नहीं लेना चाहते हैं। अब स्टार्मर ने कहा है कि भारतीय मूल के ब्रिटेन वासी ब्रिटेन और लेबर पार्टी के लिये काफी योगदान देते हैं। मैं इस समुदाय का विश्वास बहाल करने के लिये ‘लेबर फ्रेंड्स ऑफ इंडिया’ (एलएफआईएन) के साथ करीबी रूप से काम करने के लिये प्रतिबद्ध हूं।
