-
Advertisement
कोविड-19 संकट के बीच पंजीकृत कामगारों के लिए Jai Ram Govt ने खोला पिटारा,अब ये दी मदद
Last Updated on June 17, 2020 by saroj patrwal
शिमला। कोविड-19 (Covid-19) के चल रहे संकट के बीच सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने दरियादिली दिखाते हुए कामगारों की मदद के लिए कई घोषणाएं की हैं। इसी के तहत राज्य सरकार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के तहत पंजीकृत 1.37 लाख कामगारों को राहत प्रदान करने के लिए जून माह में 2,000 रूपए की अतिरिक्त किश्त (Additional installment) उपलब्ध करवाई जाएगी। प्रदेश सरकार ने अप्रैल और मई 2020 महीनों के लिए 2,000 रूपए की राशि प्रत्येक लाभार्थी को पहले ही प्रदान कर दी है। इस राशि के मिलने से लाभार्थियों को 27.42 करोड़ रूपए की अतिरिक्त धनराशि मिलेगी। सीएम जयराम ठाकुर ने आज भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत करते हुए यह घोषणा की। बोर्ड के तहत 1,37,119 कामगार पंजीकृत हैं। कोई भी 18 से 60 साल की आयु का व्यक्ति जिसे पिछले 12 महीनों में बीओसीडब्ल्यू या मनरेगा (MANREGA)के तहत कम से कम 90 दिनों का अनुभव हो, बोर्ड के तहत अपने को पंजीकृत करवाकर बोर्ड द्वारा कामगारों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकता है।
दो अविवाहित बच्चों के विवाह के लिए सहायता राशि भी बढ़ाई
पंजीकृत कामगारों (Registered workers)के दो अविवाहित बच्चों के विवाह के लिए प्रदान की जा रही सहायता राशि को 35 हजार रूपए से बढ़ाकर 51 हजार रूपए करने की घोषणा की। पंजीकृत कामगारों को दो बच्चों तक शैक्षिक सहायता (Educational Help)को भी बढ़ाने की घोषणा की। अब पहली से आठवीं स्तर की छात्राओं की सहायता राशि 7 हजार रूपए से 8 हजार रूपए तथा छात्रों की सहायता राशि 3,000 रूपए से 5,000 रूपए होगी। कक्षा 9वीं से 12वीं स्तर की छात्राओं को 10,000 रूपए के स्थान पर 11,000 रूपए तथा छात्रों को 6,000 रूपए प्रतिवर्ष के स्थान पर 8,000 रूपए प्रति वर्ष प्रदान किए जाएंगे। स्नातक की पढ़ाई कर रही छात्राओं को अब 15,000 रूपए के स्थान पर 16,000 रूपए तथा छात्रों को 10,000 रूपए के स्थान पर 12,000 रूपए जबकि स्नातकोत्तर और डिप्लोमा कर रही छात्राओं को 20,000 रूपए के स्थान पर 21,000 रूपए जबकि छात्रों को 15,000 रूपए के स्थान पर 17,000 रूपए प्रदान किये जाएंगे। इसी प्रकार मेडिकल/इंजीनियरिंग/पीएचडी कर रही छात्राओं को 35,000 रूपए के स्थान पर 36,000 रूपए तथा छात्रों को 25,000 रूपए के स्थान पर 27,000 रूपए प्रदान किए जाएंगे।