-
Advertisement

सीएम सुक्खू ने दिए निर्देश- पात्रों को समय पर मिले सरकार की योजनाओं का लाभ
CM Sukhu : धर्मशाला। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) कांगड़ा प्रवास के छठें दिन आज धर्मशाला स्थित सचिवालय पहुंचे। सीएम ने यहां जिला के आला अधिकारियों के साथ बैठक की और विभागों के अंतर्गत चलाई जा रही योजनाओं और विभिन्न परियोजनाओं की धरातल पर स्थिति को जाना और विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी न रहे
सीएम सुक्खू ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समय पर प्रदान करना सुनिश्चित करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वर्ष 2025 राज्य सरकार के लिए ‘प्रदर्शन वर्ष’ है और सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को राज्य के विकास के लिए अपना पूरा सहयोग देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से मामलों में देरी करने की प्रथा को समाप्त करने को कहा और इसे ‘विलंबित भ्रष्टाचार’ बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी योजनाओं के लिए बजट उपलब्ध करा रही है और यह सुनिश्चित कर रही है कि विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी न रहे।
कांगड़ा जिले में पर्यटन को बढ़ावा दे रही सरकार
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कांगड़ा जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही है। देहरा विधानसभा क्षेत्र के बनखंडी में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्राणी उद्यान स्थापित किया जा रहा है। निर्माण शुरू हो गया है और पहला चरण अप्रैल 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। रक्कड़ और पालमपुर में हेलीपोर्ट के निर्माण के लिए इसी महीने निविदाएं खोली जाएंगी। इसके अतिरिक्त, पठानकोट-मंडी और मटौर-शिमला चार-लेन राजमार्गों का निर्माण चल रहा है, इन सड़कों पर 5 मीटर का मध्य भाग रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। कांगड़ा जिले में 8,894 किसान प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं और उनकी मैपिंग जरूरी है। सरकार ने 294 किसानों से प्राकृतिक खेती से उत्पादित 48.32 मीट्रिक टन मक्की की खरीद की है और उन्हें भुगतान भी किया है।
बैठक में पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन रघुवीर बाली , डिप्टी चीफ व्हिप केवल सिंह पठानिया,, विधायक संजय रत्न , व मलेंद्र राजन , इत्यादि मौजूद रहे। सीएम की इस बैठक को कांगड़ा के विकास के लिए अहम माना जा रहा है।
रविंद्र चौधरी