-
Advertisement
कल दिल्ली जाएंगे सीएम सुक्खू, कई विधायक पहले ही पहुंच चुके हैं दिल्ली दरबार
शिमला। हिमाचल में कैबिनेट गठन (Cabinet Formation) को लेकर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) कल दोपहर दिल्ली रवाना होंगे। वह कल 3 बजे शिमला से दिल्ली (Delhi) के लिए रवाना होंगे। इस दौरान वह दिल्ली में हाईकमान से मिलकर कैबिनेट गठन को लेकर चर्चा करेंगे और मंत्रियों के नाम फाइनल करेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ( Rajeev Shukla) ने मंत्रियों की सूची तैयार की है। जिस पर सुक्खू के साथ चर्चा की जाएगी और उसके बाद ही कुछ फाइनल होगा। हालांकि मंत्रियों की यह सूची दो से तीन दिन के बाद ही जारी हो सकती है। इसका मुख्य कारण हिमाचल कांग्रेस के सीएम डिप्टी सीएम और विधायकों का राजस्थान में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होना माना जा रहा है। सीएम सुखविंदर सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री समेत कांग्रेस के सभी विधायक कल ही भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने राजस्थान जा रहे हैं।
मंत्रिमंडल गठन से पहले इन नेताओं ने दिल्ली में डाला डेरा
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिल्ली जाने से पहले ही कांग्रेस के कई विधायकों ने भी दिल्ली में डेरा डाल दिया है। इसमें प्रतिभा सिंह, विक्रमादित्य सिंह, कर्नल धनीराम शांडिल, कुलदीप राठौर, सुधीर शर्मा का नाम शामिल है।
16 को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे हिमाचल कांग्रेस के नेता
कांग्रेस विधायक के अलावा सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री 16 दिसंबर को राजस्थान में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) में शामिल होंगे। इस यात्रा में प्रतिभा सिंह के जाने की भी बात कही जा रही है। 16 दिसंबर को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होने जा रहे हैं। इसी दिन हिमाचल के सभी कांग्रेस नेता और विधायक राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे।
दिल्ली में राजीव शुक्ला की डिनर पार्टी
हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला हिमाचल के सभी विधायकों को डिनर पार्टी (Dinner Party) देंगे। इसके लिए उन्होंने सभी विधायकों को दिल्ली बुलाया है। यह डिनर पार्टी 15 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। इस डिनर पार्टी में हिमाचल के सभी विधायकों के अलावा सीएम डिप्टी सीएम भी शामिल होंगे। मंत्रिमंडल गठन से पहले इस डिनर डिप्लोमेसी (Dinner Diplomacy) के क्या मायने निकलते हैं, यह तो भविष्य के गर्भ में छिपा है, लेकिन कुल मिलाकर इस डिनर पार्टी में राजीव शुक्ला नाराज विधायकों को मनाने का भी प्रयास करेंगे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


