-
Advertisement
कर्नल सोफिया और विंग कमांडर व्योमिका- भारत की बेटियों ने बयां किया भारतीय सेना का पराक्रम
Operation Sindoor: भारत ने पहलगाम हमले का बदला लेते हुए पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की है। देश की तीनों सेनाओं की संयुक्त रूप से की गई एयर स्ट्राइक अब तक 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। एयर स्ट्राइक को लेकर विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री के साथ विंग कमांडर व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी ने ऑपरेशन सिंदूर के पराक्रम को बयां किया। इन दोनों अधिकारियों ने ना केवल भारत के सशस्त्र बलों की ताकत दिखाई, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि देश की बेटियां अब हर मोर्चे पर अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। पीएम मोदी के ऑपरेशन सिंदूर में कई संदेश छिपे हुए हैं कि दुश्मन भारत की नारी शक्ति को कम नहीं आंक सकता। कर्नल सोफिया जहां आर्मी कम्युनिकेशन एक्सपर्ट हैं, वहीं विंग कमांडर व्योमिका स्पेशलिस्ट हेलीकॉप्टर पायलट हैं।
कर्नल सोफिया कुरैशी
गुजरात की रहने वाली सोफिया कुरैशी भारतीय सेना की सिग्नल कोर में अधिकारी हैं। उन्होंने अपने करियर में कई ऐसे मील के पत्थर स्थापित किए हैं। वह वर्ष 2016 में एक्सरसाइज फोर्स-18 (18 देशों का संयुक्त सैन्य अभ्यास) में भारतीय दल का नेतृत्व करने वाली पहली महिला अधिकारी बनी थीं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (यूएन मिशन) के तहत कांगो में छह वर्षों तक सेवा की। बायोकैमिस्ट्री में स्नातकोत्तर सोफिया कुरैशी ने सेना के ही मैकेनाइज़्ड इन्फैंट्री में कार्यरत मेजर ताजुद्दीन कुरैशी से विवाह किया। दोनों का एक नौ वर्षीय बेटा भी है। सोफिया सैन्य परिवार से आती हैं। उनके दादा भारतीय सेना में सेवा दे चुके हैं।
विंग कमांडर व्योमिका सिंह
विंग कमांडर व्योमिका सिंह भारतीय वायुसेना की हेलीकॉप्टर पायलट हैं। व्योमिका के पास 2,500 घंटों से ज्यादा का फ्लाइट आवर्स एक्सपीरियंस है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर सहित मुश्किल पहाड़ी इलाकों में चेतक और चीता जैसे हेलीकॉप्टरों को ऑपरेट किया है। विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत के दुर्गम इलाकों में कई महत्वपूर्ण मिशन पूरे किए हैं। नवंबर 2020 में उन्होंने अरुणाचल प्रदेश में एक महत्वपूर्ण बचाव अभियान को लीड किया। इसमें पहाड़ियों और मुश्किल इलाकों के बीच व्योमिका की टीम ने सफल फ्लाइंग कर राहत और बचाव का काम किया। 2021 में उन्होंने 21,650 फीट की ऊंचाई पर स्थित माउंट मणिरंग पर एक त्रि-सेवा महिला पर्वतारोहण अभियान में भी भाग लिया।
पंकज शर्मा
