-
Advertisement
नई दिल्ली में सोनिया गांधी के साथ हिमाचल के कांग्रेसियों की बैठक, जाने किन विषयों पर हुई चर्चा
Last Updated on March 22, 2022 by Vishal Rana
नई दिल्ली। हिमाचल के कांग्रेस नेताओं (Himachal Congress leader) की आज नई दिल्ली (New Delhi) में कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) के साथ 10 जनपथ पर बैठक हुई। इस बैठक में हिमाचल कांग्रेस के करीब 25 नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में सोनिया गांधी के अलावा महासचिव केसी वेणुगोपाल भी शामिल रहे। यह बैठक करीब डेढ घंटा चली जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। विधानसभा चुनावों से पहले हुई यह बैठक (Meeting) काफी अहम मानी जा रही है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेताओं को एकजुट होकर काम करने की सख्त हिदायत दी है। उन्होंने हाल ही में देश के पांच राज्यों में हुए चुनावों का उदाहरण भी दिया गया।
उन्होंने कहा कि संगठन में आपसी गुटबाजी का यह समय नहीं है। गुटबाजी का नतीजा पार्टी पंजाब और उत्तराखंड चुनावों में भुगत चुकी है। सभी को एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरना होगा। संगठन में बिखराव ना आए इसके लिए वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारी तय की गई है। पार्टी के पूर्व विधायक, युवा नेता क्यों त्यागपत्र देकर आम आदमी पार्टी में जा रहे हैं, इस पर भी चर्चा हुई। हाईकमान ने कहा कि संगठन पदाधिकारियों की जो भी नाराजगी है उसे दूर करें, ताकि संगठन में बिखराव ना रहें। हिमाचल में मई महीने में नगर निगम शिमला के चुनाव होने हैं। पार्टी ने इन चुनावों को भी गंभीरता से लेने को कहा है। बैठक में विधानसभा चुनावों (Vidhan Sabha Election) को लेकर चर्चा हुई।
संगठन में कड़े निर्णय लेने पर हुई चर्चा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बैठक में हिमाचल कांग्रेस के नेताओं ने प्रदेश में संगठन की मजबूती के लिए कड़े निर्णय लेने की बात कही। हिमाचल के कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी हाईकमान कोई भी फैसला करने से पहले हिमाचल के मर्ज एरिया को ध्यान में जरूर रखे। इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल कांग्रेस के ये नेता दिल्ली तलब, सोनिया गांधी के साथ होगी अहम बैठक; जाने कारण
यह नेता रहे मौजूद
इस बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला के अलावा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, सांसद प्रतिभा सिंह, सह प्रभारी संजय दत्त, कांग्रेस सह प्रभारी बिट्टु, सुधीर शर्मा, अनिरुद्ध सिंह, राजेश धर्माणी, रघुबीर बाली, विपल्व ठाकुर, आशा कुमारी, कौल सिंह, सुखविंद्र सिंह सुक्खू, धनी राम शांडिल, कुलदीप कुमार, चंद्र कुमार, आनंद शर्मा, रजनीश कीमटा, हर्ष महाजन, हर्षवर्धन चौहन, रामलाल ठाकुर, पवन काजल, राजेंद्र राणा, आश्रय शर्मा शामिल रहे। इस बैठक में विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन हुआ है साथ ही शिमला नगर निगम के चुनाव के लिए भी रणनीति बनाई गई है।
संगठन में नहीं होगा फेरबदल
बैठक में संगठन में फेरबदल पर कोई भी चर्चा नहीं हुई है। ऐसे में कुलदीप सिंह राठौर फिलहाल अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। बैठक में सोनिया गांधी ने सभी नेताओं के सुझाव भी लिए और नेताओं को एकजुट होकर काम करने की सख्त हिदायत भी दी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ आज बैठक हुई है। बैठक में विधानसभा चुनावों के साथ ही शिमला नगर निगम चुनावों को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान सभी नेताओं के बातों को सोनिया गांधी ने सुना और एकजुटता के साथ विधानसभा और नगर निगम के चुनाव लड़ने की निर्देश दिए।