-
Advertisement
कांग्रेस का बेलगावी में नव सत्याग्रह,100 साल पहले यहीं महात्मा गांधी चुने गए थे अध्यक्ष
Congress Nav Satyagraha in Belgaum : कर्नाटक के बेलगावी में आज से कांग्रेस का दो दिवसीय अधिवेशन नव सत्याग्रह (Congress Nav Satyagraha) शुरू हो गया है। सीडब्ल्यूसी की इस विस्तारित बैठक को नव सत्याग्रह का नाम दिया गया है। इसमें भाग लेने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) बेलगावी पहुंच गए हैं। यह अधिवेशन 1924 में हुए कांग्रेस के 39 वें अधिवेशन के 100 साल पूरे होने के मौके पर रखा गया है। सन 1924 में भी 26 और 27 दिसंबर को बेलगावी में कांग्रेस का दो दिवसीय अधिवेशन हुआ था। यह पहला और आखिरी अधिवेशन था जिसकी अध्यक्षता महात्मा गांधी ने की थी और इसी अधिवेशन में उन्हें पार्टी अध्यक्ष भी चुना गया था। इस अधिवेशन में हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू व डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री सहित पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी पहुंची हुई हैं।
150 कांग्रेस विस्तारित कार्यसमिति के सदस्य शामिल
39 वें अधिवेशन के 100 साल बाद 2024 में कांग्रेस उसी जगह पर वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक कर रही है इसे लेकर नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। कांग्रेस पार्टी इस अधिवेशन में सत्य, अहिंसा और प्रेम के गांधीवादी आदर्शों को पुनर्जीवित करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लेगी। इस दो दिवसीय अधिवेशन में लगभग 150 कांग्रेस विस्तारित कार्यसमिति के सदस्य शामिल हुए हैं। इसमें अगले साल के लिए कांग्रेस की कार्य योजना और कार्यक्रम पर चर्चा की जाएगी और दो प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। अधिवेशन के दूसरे दिन यानी कल शुक्रवार को रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली को जय बापू,जय भीम,जय संविधान नाम दिया गया है।
आज कांग्रेस अध्यक्ष श्री @kharge ने बेलगावी में तिरंगा फहराकर ‘नव सत्याग्रह’ बैठक की शुरूआत की।
हम महात्मा गांधी जी की विचारधारा और आदर्शों को आत्मसात कर, देश को नई दिशा देने के लिए संकल्पित हैं।
📍 बेलगावी, कर्नाटक pic.twitter.com/FOu6POHYDy
— Congress (@INCIndia) December 26, 2024
-पंकज शर्मा