-
Advertisement

बेटे राहुल के साथ विदेश रवाना हुईं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी; मानसून सत्र के पहले चरण से किया किनारा
नई दिल्ली। कांग्रेस की अंतिरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) अपने बेटे और सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के साथ विदेश के लिए रवाना हुई हैं। सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी हेल्थ चेकअप (Health Check-Up) के लिए राहुल गांधी के साथ विदेश रवाना हुईं। सोनिया गांधी ऐसे समय विदेश गईं हैं, जब सोमवार से मानसून सत्र की शुरूआत होने जा रही है। बताया जा रहा है कि मानसून सत्र के शुरूआती दिनों में सोनिया और राहुल गांधी संसद की कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
यह भी पढ़ें: #Congress में बड़ा फेरबदल: आजाद समेत 4 महासचिव हटाए गए; जानें किसे मिला हिमाचल का प्रभार
सोनिया गांधी कम से कम दो सप्ताह के लिए देश से बाहर रहेंगी। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी के कुछ दिनों के बाद लौटने की उम्मीद है, जब प्रियंका गांधी वाड्रा सोनिया के पास वहां पहुंचेंगी। सोनिया गांधी ने अपने संसदीय रणनीति समूह के साथ बैठकें की हैं और उनमें प्रमुख मुद्दों को उठाया है जो राष्ट्र को प्रभावित कर रहे हैं, इस दौरान उन्होंने दोनों सदनों में बेहतर समन्वय के लिए स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
विदेश जाने से पहले ही संगठन में किए गए हैं बड़े बदलाव
गौरतलब है कि शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस कार्यसमिति में बड़े बदलाव किए हैं। जिसके बाद से ऐसा माना जा रहा था कि सोनिया ने राहुल गांधी को दोबारा से पार्टी अध्यक्ष बनाने के लिए यह बंदोबस्त किया है लेकिन अब राहुल गांधी भी उनके साथ विदेश दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। बता दें कि कांग्रेस नेतृत्व की ओर से संगठन में किए गए व्यापक बदलाव के जरिए दिग्विजय सिंह, सलमान खुर्शीद और तारिक अनवर समेत कई ऐसे नेताओं की पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में वापसी हुई है जो लंबे समय से 24-अकबर रोड (पार्टी मुख्यालय) पर सक्रिय भूमिका में नहीं थे। सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) का पुनर्गठन किया तो इन नेताओं के साथ ही राजीव शुक्ला, प्रमोद तिवारी, पवन कुमार बंसल और कुछ अन्य नेताओं ने लंबे समय बाद संगठन में सक्रिय भूमिका का आगाज किया।