-
Advertisement
Hotspot बना इंदौर, Corona से जंग हारे थाना प्रभारी देवेंद्र चंद्रवंशी
इंदौर। देश में कोरोना वायरस से मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। कोविड-19 ने महाराष्ट्र के बाद मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में सबसे ज्यादा लोगों की जान ली है। मध्यप्रदेश का इंदौर कोरोना वायरस का हॉटस्पॉट बना हुआ है। यहां बीते कुछ दिनों में कई स्वास्थ्यकर्मी और पुलिसकर्मी कोविड-19 के संक्रमण में आए हैं। इसी कड़ी में शामिल संक्रमण की चपेट में आने वाले थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र चंद्रवंशी जिंदगी की जंग हार गए हैं।

इंस्पेक्टर चंद्रवंशी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 45 साल के चंद्रवंशी जूनी इंदौर पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी थे। उनका पिछले 10 दिनों से अरविंदों अस्पताल में इलाज चल रहा था। देर रात तीन बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कोरोना संक्रमण की चपेट में आने के बाद इंस्पेक्टर चंद्रवंशी को निमोनिया हो गया था। वे शाजापुर जिले के निवासी थे और साल 2007 में एसआई बने थे।
कोरोना पॉजिटिव होने के बाद उनका अरविंदो अस्पताल में इलाज चल रहा था। इस दौरान उनकी दो रिपोर्ट निगेटिव आई थी। वे संक्रमित होने वाले शहर के पहले पुलिस अधिकारी थे। इसके बाद उनके साथ रहने वाले कांस्टेबल की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। एहतियातन सभी कर्मचारियों को क्वारंटाइन कर दिया गया था। कोरोना के इलाज के दौरान पुलिस अधिकारी तेजी से ठीक हो रहे थे। दो रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उनका स्वास्थ्य ठीक हो गया था। हालांकि फेफड़े कमजोर होने की वजह से उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। बीती देर रात उन्हें दिल का दौरा पड़ा।
