-
Advertisement
Corona Update: हिमाचल में आंकड़ा पहुंचा 75, एक्टिव केस हो गए 34- कोई गंभीर नहीं
Last Updated on May 15, 2020 by
शिमला। हिमाचल में बुधवार और गुरुवार को जांचें सैंपल में आठ कोरोना (Corona) के नए मामले सामने आए हैं। यह मामले सिरमौर (Sirmaur), कांगड़ा (Kangra), हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना (Una) जिले से सामने आए हैं। इसमें सिरमौर, कांगड़ा और बिलासपुर से दो-दो व हमीरपुर तथा ऊना में एक-एक मामला सामने आया है। इन मामलों के साथ हिमाचल में कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा 75 पहुंच गया है। साथ ही एक्टिव मामले 34 हो गए हैं। वर्तमान में हिमाचल के आठ जिलों में कोरोना पॉजिटिव के मामले हैं। इसमें बिलासपुर, चंबा (Chamba), हमीरपुर (Hamirpur), कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर व ऊना जिला शामिल हैं। वहीं, बिलासपुर और शिमला जिला ऐसा है जहां पर उक्त जिलों का अपना कोई मामला नहीं है।
ये भी पढ़ेंः कोरोना ने जकड़ा Himachal, बार्डर वाले जिला Una में आया एक Positive
बिलासपुर (Bilaspur) में चार मामले हैं। इसमें तीन हिमाचल के बाहर और एक हमीरपुर जिला का है। उक्त व्यक्ति बिलासपुर के स्वारघाट में क्वारंटाइन (Quarantine) थे। वहीं, उनके सैंपल लिए थे और जांच में पॉजिटिव पाए गए थे। प्रोटोकोल के अनुसार जिस व्यक्ति का जहां सैंपल लिया जाए, उसकी गिनती उसी जिला या क्षेत्र में होती है। शिमला में कोरोना पॉजिटिव का मामला मंडी के सरकाघाट का है। मंडी सरकाघाट की महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। महिला के बेटे की मृत्यु आईजीएमसी (IGMC) शिमला में हुई थी। बेटा कोरोना पॉजिटिव था। साथ ही बचपन से ही किडनी की बीमारी से ग्रस्त था। उसे नेरचैक मंडी से आईजीएमसी में रेफर किया गया था। आईजीएमसी में युवक की मृत्यु हुई थी। उक्त महिला भी अपने बेटे के साथ आईजीएमसी गई थी। बेटे के पॉजिटिव आने के बाद महिला के भी सैंपल लिए गए थे। सैंपल शिमला आईजीएमसी में लिए गए थे। महिला पॉजिटिव पाई गई थी।
किस जिला में अब तक कितने मामले
बिलासपुर जिला में अब तक चार, चंबा में 12, हमीरपुर में 7 और कांगड़ा में 18 मामले सामने आए हैं। मंडी (Mandi) में दो, शिमला में एक, सिरमौर में चार, सोलन में 9 और ऊना में 18 मामले हैं। चंबा के 6, हमीरपुर के दो, कांगड़ा के 4, सिरमौर के दो, सोलन के 9 व ऊना के 16 मरीज ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा कांगड़ा और मंडी में कोरोना के चलते दो की मृत्यु हुई है। अब तक 39 लोग कोरोना से जंग जीत चुके हैं। अभी 34 मामले एक्टिव हैं।
ये भी पढ़ेंः Goa में फंसे 1400 हिमाचलियों को लेकर आज सुबह Una पहुंची Special Train
किस जिला में कितने एक्टिव केस
कोरोना के एक्टिव केस की बात करें तो बिलासपुर जिला में चार एक्टिव केस (Active Case) हैं। इसमें दो मेडिकल कॉलेज नेरचौक (Medical College Nerchowk) और बिलासपुर में भर्ती हैं। चंबा में छह एक्टिव मामले हैं और सभी जिला आयुर्वेदिक अस्पताल बालू चंबा में दाखिल हैं। इसमें दो वर्षीय बच्ची शामिल है। हमीरपुर के पांच एक्टिव मामले हैं। इसमें चार भोटा और एक हमीरपुर में दाखिल हैं। कांगड़ा की बात करें तो यहां सबसे ज्यादा 13 एक्टिव केस हैं। इसमें 9 पीआरटीआई बैजनाथ, 1 जोनल अस्पताल धर्मशाला, एक डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, अस्पताल टांडा और दो कांगड़ा में भर्ती हैं। मंडी का एक एक्टिव मरीज मेडिकल कॉलेज नेरचौक में भर्ती है। शिमला में पॉजिटिव पाई महिला अभिलाषी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज मंडी और सिरमौर के दो मरीज सीएच सराहन में भर्ती हैं। ऊना जिला के दो मरीजों में एक भोटा और एक ऊना में ही दाखिल है।
जल्द ठीक होंगे कोरोना पॉजिटिव मरीज, कोई गंभीर नहीं
हिमाचल में कोरोना को लेकर राहत की बात यह है कि कोई भी कोरोना मरीज गंभीर या वेंटिलेटर पर नहीं है। इन मरीजों के जल्द ठीक होने की संभावना है। हिमाचल में पिछले कल तक 14300 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। इसमें 13927 से अधिक नेगेटिव रहे हैं। 75 ही पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, गुरुवार तक निगरानी (Surveillance) में रखे लोगों का आंकड़ा 26474 था। इसमें 7981 लोग 28 दिन का निगरानी पीरियड पूरा कर चुके हैं। साथ ही 18493 लोग निगरानी में हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group