-
Advertisement
Himachal के इस विधायक की दादागिरी, आखिर किसको मारेंगे जूतियां- दी धमकी
हरिपुर। देहरा (Dehra) के विधायक होशियार सिंह (Hoshiar Singh) अब उनके खिलाफ बोलने वालों को सरेआम धमकी देने लग पड़े हैं। विधायक ने विरोधियों को सरेआम धमकी देते हुए कहा कि जो भी विकास में बाधा बनने की कोशिश करेगा, उसे मैं बक्शूंगा नहीं। मेरी चुप्पी को कमजोरी ना समझें। चेतावनी देता हूं और यह अंतिम मौका है, इसके बाद मौका नहीं दूंगा, सीधे जूतियां फेरूंगा यानि जूतियां मारूंगा। सौ जूतियां मारूंगा और एक गिनूंगा, जिसने जो करना है वह कर ले। विधायक ने हरिपुर सूखा तालाब में बस अड्डे के निर्माण के लिए एचआरटीसी (HRTC) की जमीन पर बनी दुकानों को हटाने के दौरान यह धमकी दी।
यह भी पढ़ें: Bilaspur: बरठी में दो युवकों ने फार्मासिस्ट की कर दी धुनाई, जान से मारने की भी दी धमकी
बता दें कि हरिपुर (Haripur) सूखा तालाब में बस अड्डे का निर्माण होना है। बस अड्डे की जमीन पर काफी समय से लोगों ने दुकानें बनाई हुई थीं। पिछले कल एचआरटीसी प्रबंधन पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ जमीन पर कब्जा करने पहुंचा। इस दौरान देहरा के विधायक होशियार सिंह भी मौके पर पहुंचे थे। यहां पर उन्होंने विरोधियों को धमकी भरी भाषा में चेतावनी दे डाली। अब इसे विधायक की दादागिरी कहें या फिर कुछ और। हालांकि लोकतंत्र में आरोप- प्रत्यारोप का दौर चलता रहता है। लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार भी है। कुछ लोग पक्ष में होते हैं और कुछ विपक्ष में। लेकिन क्या ऐसी भाषा का प्रयोग सही मायने में ठीक है, वो भी एक विधायक (MLA) के लिए। यह सोचने वाली बात है।
विधायक होशियार सिंह का कहना है कि दुकानदारों ने अपनी मर्जी से खाली की हैं। पर कुछ लोग उन्हें भड़का रहे थे कि दुकानें खाली मत करो। ऐसे लोग हर विकास कार्य में रोड़ा अटका रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों को चेतावनी दी है कि जो भी विकास के कामों में रोड़ा अटकाएगा जूतियों के काबिल होगा। उन्होंने यहां तक भी कहा कि सोशल मीडिया में जो वीडिया वायरल हो रहा है, उसे कांट छांट कर पेश किया गया है।
उधर, विधायक के इस बयान पर देहरा कांग्रेस ने कड़ा संज्ञान लिया है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने कहा कि विधायक एक गरिमा वाला पद है। उन्हें जनसमूह में ऐसी बात नहीं करनी चाहिए थी। ऐसी दादागिरी लोकतंत्र में ठीक नहीं है। ऐसे तो आम लोग अपनी बात नहीं रख पाएंगे। साथ ही विपक्ष अपनी ड्यूटी नहीं कर पाएगा। इसके खिलाफ कांग्रेस एफआईआर दर्ज करवाएंगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…


