-
Advertisement
DGP संजय कुंडू से मांग लिया इस्तीफा
Last Updated on May 17, 2022 by Deepak
हिमाचल प्रदेश पुलिस पेपर लीक मामले पर सभी विपक्षी दल प्रदेश सरकार पर लगातार हमलावर हैं। वहीं मामले को लेकर यूथ कांग्रेस ने भी प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मामले की सीबीआई व न्यायिक जांच को लेकर मंगलवार को पूरे प्रदेश सहित CM जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी में भी युवा कांग्रेस ने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। पेपर लीक मामले को लेकर यूथ कांग्रेस ने सेरी चांदनी पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया है। क्रमिक भूख हड़ताल के दौरान यूथ कांग्रेस ने पेपर लीक मामले में गठित एसआईटी अधिकारियों पर भी मामले में संलिप्त होने के आरोप लगाए हैं। यूथ कांग्रेस का कहना है कि सरकार ने जिन अधिकारियों को एसआईटी में शामिल किया है वे लोग भी पेपर लीक मामले में संलिप्त है। इस मौके पर यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण ठाकुर ने सीबीआई व उच्च न्यायालय से हिमाचल पुलिस पेपर लीक मामले की जांच की मांग उठाई है। तरुण ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में पेपर लीक होने से हजारों युवाओं के सपनों पर पानी फिर गया है। हिमाचल पुलिस डीजीपी संजय कुंडू को अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। यूथ कांग्रेस डीजीपी संजय कुंडू से इस्तीफा देने की मांग करती है।