-
Advertisement
Doctor ने ढाई करोड़ में खरीदा ‘अलादीन का चिराग’, सच्चाई पता चली तो उड़ गए होश
मेरठ। आप लोगों ने बचपन में ‘अलादीन का जादुई चिराग’ की कहानी तो जरूर सुनी होगी। इस पर काफी सीरियल और फिल्में भी बन चुकी हैं। चिराग रगड़ने पर हल्का धुंआ निकला है और फिर एक जिन्न निकलता है और सामने वाले से अपनी इच्छा बताने को कहता है। काफी लोगों का तो ये भी मानना है कि ऐसा सच में होता है और ऐसे ही लोग ठगे भी जाते हैं। एक ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मेरठ से आया है जहां लंदन से पढाई कर लौटे एक युवा को ‘अलादीन के चिराग’ की बड़ी कीमत चुकानी पड़ी है। ठगी का शिकार हुआ यह शख्स लंदन से मेडिकल की पढ़ाई करके लौटा है जो ठगों के चक्कर में ऐसा उलझा कि उसने लाखों में नहीं बल्कि करोड़ों में एक ‘अलादीन के चिराग’ खरीद लिया। उसे इस बात का एहसास तब हुआ जब उसके खाते से ढ़ाई करोड़ रुपये ठगों को दिए जा चुके थे।
मेरठ के खैरनगर में रहने वाले डॉ लुईक ने लंदन से एफआरएचएस की पढ़ाई की है और एक फिजिशियन (Physician) के रूप में वह यहां प्रैक्टिस कर रहे हैं। करीब दो साल पहले जब एक समीना नाम की महिला का उन्होंने ऑपरेशन किया तो फिर उससे अपने पेशेवर प्रतिबद्धताओं की वजह से संपर्क बढ़ने लगा और वह अक्सर महिला के घर मरहम पट्टी करने जाया करते थे। इसी दौरान समीना के घर पर डॉ. लुईक की एक तांत्रिक से मुलाकात हुई। महिला और उसके पति ने डॉक्टर को बताया कि तांत्रिक के पास जादुई ‘अलादीन का चिराग’ है और इसे वह ढाई करोड़ में बेचना चाहता है।

इसके बाद जब डॉ लुईक ने तांत्रिक से मुलाकात की तो उसने वह चिराग न केवल दिखाया बल्कि उसमें से कथित जिन्न निकालकर भी दिखाया। इससे डॉक्टर (Doctor) को भरोसा हो गया और उसने खरीदने के लिए हामी भर दी तथा 31 लाख रुपये एडवांस के तौर पर भी दे दिए। इसके बाद तांत्रिक कभी जिन्न को प्रसन्न करने के लिए इत्र के नाम पर पैसे मांगता तो कभी किसी और नाम पर। डॉक्टर लगातार उसे पैसे देते रहा और इस दौरान वह लाखों रुपये खर्च कर चुका था। बाद में जब डॉक्टर चिराग को अपने घर ले जाने की बात करता तो तांत्रिक यह कहकर डरा देता था कि अभी साथ ले जाने से इसका बहुत बुरा नतीजा होगा। लगातार तांत्रिक को पैसे देने के बाद जब डॉक्टर को ठगी का अहसास हुआ तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने तुंरत कार्रवाई करते हुए आरोपी इस्लामुद्दीन और उसके सहयोगी को अरेस्ट कर लिया है। पुलिस को आरोपियों के पास से कथित जादुई चिराग और तंत्र मंत्र साधना का सामान बरामद हुआ है। डॉक्टर को जिन्न तो नसीब नहीं हुआ लाखों रुपए उड़ गए सो अलग।
