-
Advertisement
Drinking | Water Schemes | Bhoranj |
भोरंज। जल शक्ति विभाग भोरंज लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है। क्षेत्र में लोगों की सुविधा के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर बनाई गई पेयजल योजनाएं वर्षों से बंद पड़ी हुई हैं। विभाग इन योजनाओं को आज दिन तक चलाने में नाकामयाब साबित हुआ है। जिसके चलते करोड़ों रुपए की यह योजनाएं बिना किसी देखरेख के खराब हो रही हैं। अभी गर्मियों का मौसम शुरू भी नहीं हुआ है कि भोरंज के कई क्षेत्रों में पेयजल की किल्लत सामने आने लगी है। लोग पानी के लिए तरसने को मजबूर हैं। दीगर है कि उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत अमन के मारकंडा पेयजल योजना 2014 में करोड़ों रुपए की लागत से तैयार की गई थी। लेकिन 9 वर्ष बीतने के बाद भी जल शक्ति विभाग इस योजना को शुरू नहीं करवा पाया है। हैरानी की बात यह है कि करोड़ों रुपए की लागत से बनी मारकंडा पेयजल योजना के बारे में विभागीय अधिकारी खुद को अनजान व अनभिज्ञ बता रहे हैं। स्थानीय लोगों की मानें तो मारकंडा पेयजल योजना से क्षेत्र के दर्जनों गावों को पेयजल की सुविधा मुहैया करवाई जानी थी। लेकिन जल शक्ति विभाग की लेटलतीफी व लापरवाही के चलते 2014 में बनी यह पेयजल योजना आज दिन तक शुरू नहीं हो पाई है और न ही जल शक्ति विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस योजना के निर्माण के बाद इसकी किसी प्रकार की आज दिन तक कोई सुध ली है।