-
Advertisement
अमेरिका के सियासी हलकों में हलचल- Donald Trump से तनातनी के बीच, Elon Musk की आ गई पॉलिटिकल पार्टी !
Elon Musk : कभी एक-दूसरे के करीबी माने जाने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और टेस्ला के मालिक एलन मस्क के बीच अब तनातनी चरम पर है। दोनों सार्वजनिक मंचों पर एक-दूसरे के खिलाफ तल्ख टिप्पणियां कर रहे हैं। यह टकराव ऐसे समय पर हो रहा है जब कुछ ही हफ्ते पहले तक मस्क को ट्रंप का विश्वसनीय समर्थक और रणनीतिक सहयोगी माना जा रहा था। यहां तक कि मस्क ने चुनावी दौरान ट्रंप की नीतियों और फैसलों का खुलकर समर्थन किया था।

पार्टी बनाने को लेकर एक राय मांगी
इसी बीच एलन मस्क जल्द ही एक नई राजनीतिक पार्टी बना सकते हैं और एक्स के जरिए इशारों-इशारों में नाम भी बता दिया है। राष्ट्रपति ट्रम्प से विवाद के बाद मस्क ने 5 जून को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोल शेयर किया था। इस पोल में मस्क ने अमेरिका में एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने को लेकर एक राय मांगी थी। इस पर 80.4 फीसदी लोगों ने हां में जवाब दिया था। इस पोल के खत्म होने के बाद मस्क ने रिपोस्ट करते हुए लिखा- द अमेरिकन पार्टी।’ मस्क के इस संकेत के बाद माना जा रहा है कि वे अपनी पार्टी का नाम द अमेरिकन पार्टी रख सकते हैं। हालांकि, मस्क ने अभी तक इसे लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है।

टेस्ला कार को बेचने पर विचार कर रहे अमेरिकी राष्ट्रपति
उधर अमेरिकी राष्ट्रपति टेस्ला कार को बेचने पर विचार कर रहे हैं। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने अखबार को यह जानकारी दी है। यह वही टेस्ला कार है जिसे पहले ट्रम्प ने 11 मार्च को मस्क के लिए समर्थन दिखाने के मकसद से खरीदा था। उस समय यह कदम एक तरह से यह जताने के लिए उठाया गया था कि राष्ट्रपति मस्क और उनकी कंपनी टेस्ला के पीछे मजबूती से खड़े हैं, खासकर उस दौर में जब टेस्ला का बहिष्कार हो रहा था।
कार खरीदने के बाद ट्रम्प ने टेस्ला को दुनिया की बेहतरीन ऑटोमोबाइल कंपनियों में से एक कहा था। इस दौरान उन्होंने मस्क की खूब तारीफ की थी। हालांकि अब स्थिति पूरी तरह से बदल चुकी है।
लगातार ट्रंप पर हमलावर मस्क
एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप के मजबूत रिश्ते में अचानक ही खटास आई है। वो भी तब जब ट्रंप के राष्ट्रपति रहते मस्क ने उनकी कैबिनेट बैठकों में हिस्सा लिया, यहां तक कि वह ट्रंप के उद्घाटन समारोह में उनके पीछे भी खड़े दिखे। लेकिन अब इस दोस्ती में दरार आ चुकी है। मस्क ने हाल ही में DOGE विभाग से इस्तीफा दिया और उसके बाद से वो लगातार ट्रंप पर हमलावर हैं।

