-
Advertisement
कोरोना संकट के बीच भारतीय टेक सेक्टर में बड़ा सौदा, Jio में 43,574 करोड़ निवेश करेगा Facebook
दिल्ली। इस समय जब पूरा विश्व कोरोना संकट से जूझ रहा है ऐसे में दुनिया की सबसे बड़ी सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक (Facebook) और भारत के रिलायंस जियो के बीच बड़ी डील हुई है। इस डील के तहत फेसबुक ने रिलायंस जियो में 43,574 करोड़ रुपए के निवेश का ऐलान किया है। डील होने के बाद फेसबुक की रिलायंस जियो में हिस्सेदारी 9.99% यानी करीब 10 फीसदी की हो जाएगी। इसी के साथ रिलायंस जियो (Reliance Jio) में फेसबुक सबसे बड़ा शेयरहोल्डर भी बन जाएगा।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group
फेसबुक और जियो के बीच पार्टनरशिप कई मामलों में महत्वपूर्ण है। भारतीय टेक्नोलॉजी सेक्टर में यह सबसे बड़ा एफडीआई है। दोनों कंपनियों के बीच इस डील के बाद जियो का वैल्यूएशन 4.62 लाख करोड़ रुपए का हो जाएगा। यह मूल्यांकन डॉलर के मुकाबले रुपए को 70 मानकर किया गया है। नियामक की मंजूरी मिलने के बाद फेसबुक, जियो में सबसे बड़ी माइनॉरिटी शेयरहोल्डर बन जाएगी। भारत में करीब 100 करोड़ मोबाइल यूजर हैं। फेसबुक के लिए भी भारत सबसे बड़ा बाजार है। फेसबुक की सब्सिडियरी वॉट्सऐप के भी भारत में 40 करोड़ यूजर हैं। रिलायंस जियो के देश में 38.8 करोड़ यूजर हैं। डील के बाद भी रिलायंस जियो इन्फोकॉम जियो फ्लेटफॉर्म की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई बनी रहेगी।
कंपनी द्वारा प्रेस रिलीज में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा है कि जियो और फेसबुक के बीच साझेदारी से प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया मिशन को और मजबूती मिलेगी। इससे ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में भी सुविधा होगी। कोरोना के बाद देश की अर्थव्यवस्था तेजी से विकास करेगी और जियो-फेसबुक के बीच हुई यह साझेदारी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
वहीं, मार्क जुकरबर्ग ने कहा कि इस समय दुनिया में बहुत कुछ चल रहा है, लेकिन भारत में काम करने के बारे में एक अपडेट देना चाहता हूं। फेसबुक, जियो प्लेटफॉर्म के साथ पार्टनरशिप कर रही है और फेसबुक, जियो में निवेश करेगी। इसके अलावा फेसबुक और जियो साथ मिलकर दूसरे प्रोजेक्ट पर भी काम करेंगी जिससे भारत में लोगों को व्यापारिक अवसर मिलेंगे। देश डिजिटल बदलाव के दौर में है और इसमें जियो ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।