-
Advertisement
Holly Lodge के समीप मजदूरों के ढारे में फटा सिलेंडर, धमाके के साथ भड़की आग, महिला झुलसी
शिमला। राजधानी शिमला के जाखू में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के निजी आवास परिसर हॉलीलॉज (Holly Lodge) के समीप मजदूरों के ढारों में बीती रात सिलेंडर फटने से आग लग गई। सिलेंडर फटने के बाद वहां जोरदार धमाका (Blast) हुआ और भयंकर आग फैल गई। घटना में नेपाली मजदूरों के छह ढारे जलकर राख हो गए। हादसे में किरण नाम की एक महिला भी झुलस गई। महिला को गंभीर हालत में आईजीएमसी पहुंचाया गया, जहां से उसे रात को ही पीजीआई रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग टीम की मालरोड और छोटा शिमला स्टेशन से मौके पर पहुंची और आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन टीम ने दूसरी तरफ बने मजदूरों के अस्थायी ढाबों को बचा लिया। मंडलीय अग्निशमन अधिकारी डीसी शर्मा ने बताया कि आग बुझाने का कार्य नौ बजे के बाद तक जारी रहा। लपटों को करीब आधे घंटे में शांत कर लिया था और इससे साथ लगती संपत्ति को बचा लिया गया। बता दें कि वीरभद्र सिंह के अलावा शिमला के डीसी का सरकारी आवास भी लोअर जाखू में ही है।

शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने गुरुवार होलीलॉज के साथ लगे ढारों में लगी आग में प्रभावित परिवारों का हाल चाल जाना। सुरेश भारद्वाज ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का अधिकारियों को आदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को तुरंत सहायता राशि प्रदान की गई है तथा राशन आदि की व्यवस्था भी की गई थी। उन्होंने अधिकारियों को नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट सरकार को भेजने के आदेश दिए ताकि प्रभावितों को और अधिक सहायता प्रदान की जा सके। इस दौरान विधायक विक्रमादित्य सिंह,डीसी शिमला अमित कश्यप मौके पर मौजूद थे।भारद्वाज ने बताया कि इस आग में 7 परिवार प्रभावित हुए हैं व एक महिला जो आग में झुलस गई थी को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि महिला की हालत ठीक है। इससे पूर्व उन्होंने गत रात्रि भी क्षेत्र का दौरा किया था।

