- Advertisement -
देवों के देव महादेव का अति प्रिय महीना सावन शुरू होने वाला है। सावन (Sawan) को श्रावण महीना भी कहा जाता है। इस बार सावन का महीना 14 जुलाई से शुरू होगा और 12 अगस्त तक चलेगा। इस महीने में पड़ने वाले सोमवार व्रतों का भी विशेष महत्व होता है।
बता दें कि आषाढ़ माह के बाद सावन माह की शुरुआत होने जा रही है। माना जाता है कि सावन के महीने में भगवान शिव की पूजा करने और सोमवार के व्रत करने से सारी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस महीने भगवान शिव (Shiva) को कुछ चीजें अर्पित की जाती हैं, जिनसे भगवान शिव जल्दी प्रसन्न होते हैं। मान्यता है कि शिवलिंग पर केसर अर्पित करने से व्यक्ति को सौभाग्य की प्राप्ति होती है। इसके अलावा भगवान शिव को शक्कर का अभिषेक करने से व्यक्ति को सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। कहा जाता है कि ऐसा करने से व्यक्ति के जीवन से दरिद्रता का नाश होता है।
गौरतलब है कि बेलपत्र के बिना भोलेनाथ की पूजा अधूरी रहती है। शिव को भांग, धतूरा, केसर, चंदन, शक्कर, गंगाजल आदि चढ़ाया जाता है। सावन के महीने में भगवान शिव को दूध से अभिषेक करना चाहिए। पौराणिक कथाओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान जब विषपान करने से भगवान शिव का कंठ जलने लगा था, तब देवताओं ने उनसे दूध पीने का आग्रह किया था। दूध पीने के बाद उनके गले की जलन कम हो गई थी और यही कारण है कि शिव को दूध पसंद है।
मान्यता है कि सावन में व्रत करने और पाठ-पूजा आदि से व्यक्ति के सभी पाप नष्ट हो जाते हैं। इस महीने में भगवान शिव को शमी के पत्ते भी अर्पित किए जा सकते हैं। भगवान शिव को शमी के पत्ते भी बहुत पसंद हैं। सावन के महीने में पूरा महीना शिवलिंग पर शमी के पत्ते जरूर लगाएं। इससे शिव की कृपा प्राप्त होती है। इसके अलावा भगवान शिव को कनेर के फूल भी काफी पसंद है। सावन महीने में पूजा के दौरान भगवान शिव को कनेर के फूल जरूर अर्पित करें। ऐसा करने से आपकी सभी मनोकामनाएं पूरी होंगी।
- Advertisement -