-
Advertisement
जयराम का व्यवस्था परिवर्तन पर वार, विक्रमादित्य और कौल को भी लपेटा
शिमला। पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने व्यवस्था परिवर्तन वाली सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया। सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस सरकार पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राजनीति करने के आरोप लगाए है। मीडिया से बातचीत के दौरान जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा के बीच सत्तापक्ष ने राजनीति की शुरुआत की। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू केंद्र पर आरोप लगा रहे हैं और उनके पीछे छुटभैये नेता उनकी बात को दोहराने का काम कर रहे हैं। प्रदेश में इन दिनों अजीब स्थिति पैदा हो चुकी है। यहां तक कि सरकार राहत देने में भेदभाव कर रही है और बार-बार केंद्र से मदद मिलने के बावजूद केंद्र पर मदद ना देने का आरोप लगा रही है। आर्मी के जो हेलीकॉप्टर रेस्क्यू के लिए कार्यरत हुए हैं, उसमें इनके नेतागण खुद बैठकर जा रहे हैं।उन हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल केवल फंसे लोगों को निकालने के लिए होता है, हमारे समय भी यह हेलीकॉप्टर आए थे पर हमने इनका इस्तेमाल नहीं किया, हमने आर्मी को अपना काम करने दिया था। इनके नेता इन हेलीकॉप्टरों में सेल्फी खिंचा रहे हैं , फोटोग्राफी कर रहे हैं और उसके बाद उनको सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं।
कौल सिंह ठाकुर को तो अपने ही चेलों ने हरा दिया
जयराम ठाकुर ने कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि वे कौल सिंह ठाकुर की मनोस्थिति को से समझ सकते हैं। वे लगातार दूसरी बार चुनाव हारे हैं। ऐसे में इस तरह की बयानबाजी में लगे हुए हैं। कौल सिंह ठाकुर को तो अपने ही चेलों ने हरा दिया। ऐसे में वे इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने जो आरोप लगाए, वो निराधार हैं। रिपोर्ट में यह स्पष्ट हो चुका है कि थुनाग बाजार में जो लकड़ी बहकर आई, वह भारी बारिश की वजह से आई थी। इसमें अवैध कटान की कोई रिपोर्ट सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़े:सत्ती बोले -कांग्रेस के विधायक बीजेपी के संपर्क में, जून 2024 के बाद नहीं रहेगी प्रदेश में सुख सरकार
विक्रमादित्य सिंह कहीं की खीज, कहीं पर उतार रहे
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह कहीं की खीज, कहीं पर उतारने का काम कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि बड़े परिवार में होना कोई गलत बात नहीं, लेकिन छोटे परिवार के लोगों का भी सम्मान किया जाना चाहिए। जयराम ठाकुर ने कहा कि पहले उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड पर बयान दिया, जिससे पलटी मार दी। उन्होंने कहा कि अपने बयानों से पलटना ही पहचान है। वे कांग्रेस के पलटू राम है।
हिमाचल की जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है विपक्ष
जयराम ठाकुर ने स्पष्ट रूप से कहा कि अगर इस आपदा की घड़ी में राजनीति करने की शुरुआत कांग्रेस सरकार ने की है। विपक्ष की ओर से राजनीति कभी की नहीं गई थी, इस संकट की घड़ी में विपक्ष सरकार के साथ और हिमाचल की जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। लगातार सत्ता पक्ष बीजेपी पर को आरोप लगाने का प्रयत्न कर रहा है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। विपक्ष की भूमिका होती है कि जहां कमी रही है उसको सरकार के समक्ष लाया जाए, पर विपक्ष को राजनीति के लिए जिम्मेदार ठहराना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को विपक्ष को दोष देने से पहले स्वयं का आत्म चिंतन करना चाहिए गलतियां निकल कर खुद ही सामने आ जाएगी।।
गडकरी 1 अगस्त को कुल्लू मनाली आएंगे
उन्होंने कहा कि हमने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भी हिमाचल प्रदेश की वस्तुस्थिति बताई और उनको बताया कि नेशनल हाईवे, सड़कों को कितना नुकसान हुआ है। हमसे उनसे निवेदन किया कि आप हिमाचल आएं और इसका जायजा ले, वह तुरंत मान गए। अब नितिन गडकरी 1 अगस्त को कुल्लू मनाली आएंगे और उसके बाद एक बार फिर हिमाचल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों का भी दौरा करेंगे।
