- Advertisement -
नासिक। महाराष्ट्र के पूर्व रणजी खिलाड़ी शेखर गवली (Shekhar Gawli) (45) की मंगलवार को नासिक में 250 फीट गहरी खाई में गिरने के कारण मौत (Death) हो गई। बताया गया कि गवली अपने दोस्तों संग इगतपुरी हिल स्टेशन पर ट्रेकिंग के लिए गए थे और कथित तौर पर संतुलन बिगड़ने से वह खाई में गिर गए। इगतपुरी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि उनका शव बुधवार को सुबह लगभग 10 बजे मिला। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार के सदस्यों को सौंपा जाएगा।
शेखर इससे पहले महाराष्ट्र क्रिकेट टीम के सहायक कोच थे और फिलहाल अंडर-23 टीम के फिटनेस ट्रेनर की भूमिका निभा रहे थे। शेखर दाएं हाथ के बल्लेबाज और लेग स्पिनर थे। शेखर ने 1997 से 2002 के बीच दो फर्स्ट क्लास मैच खेले, इस दौरान उन्होंने तीन विकेट लिए थे। शेखर के परिवार में पत्नी, एक बेटा और बेटी हैं। उनका जन्म 6 अगस्त 1975 को नासिक में ही हुआ था।
बता दें कि शेखर गवली महाराष्ट्र क्रिकेट में एक बड़ा नाम थे। उन्होंने बतौर कोच और फिटनेस ट्रेनर भी काफी नाम कमाया था। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, केदार जाधव और शिखर धवन जैसे क्रिकेटर उन्हें अच्छी तरह जानते थे। मुंबई में रहने के दौरान अक्सर वे वरिष्ठ खिलाड़ियों को फिटनेस टिप्स दिया करते थे। खिलाड़ी उनका काफी सम्मान भी करते थे। शेखर की मौत पर महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन ने शोक व्यक्त किया है। महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन ट्वीट कर लिखा, ‘एक दुखद घटना में हमारे पूर्व खिलाड़ी और महाराष्ट्र टीम के वर्तमान ट्रेनर शेखर गवली का निधन हो गया। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना। इस दुखद स्थिति में हम सभी उनके परिवार के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।’
- Advertisement -