-
Advertisement
भोटा में चाय की दुकान में फटा गैस सिलेंडर, धमाके से दूर जाकर गिरा शटर- तीन घायल
Hamirpur News: हमीरपुर जिले के भोटा बाजार में आज सुबह एक हादसा पेश आया है। यहां रेस्ट हाउस के समीप स्थित एक चाय की दुकान में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि दुकान का लोहे का शटर उखड़कर काफी दूर जा गिरा और इमारत की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनमें से एक को नाजुक हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
शटर खोलते ही हुआ धमाका
चाय की दुकान पुरुषोत्तम नामक व्यक्ति की थी। जब दुकानदार पुरुषोत्तम चंद 5 बजे अपनी दुकान खोलने पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान के भीतर से आग की लपटें निकल रही हैं। जब उन्होंने शटर खोलने की कोशिश की, तो अत्यधिक तपिश के कारण वह सफल नहीं हो पाए। इसी बीच, उनकी मदद के लिए पड़ोसी दुकानदार कमलेश कुमार और दूध की सप्लाई करने वाले राकेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए। जैसे ही तीनों ने मिलकर शटर को ऊपर खींचने का प्रयास किया, दुकान के भीतर जबरदस्त विस्फोट हुआ और शटर के परखच्चे उड़ गए।
एक घायल पीजीआई रेफर
विस्फोट के समय दुकान के आसपास मौजूद राकेश कुमार, पुरुषोत्तम और कमलेश कुमार घायल हुए हैं। तीनों को तुरंत हमीरपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। एसपी बलबीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।
अशोक राणा
