-
Advertisement
आज तक इतना महंगा कभी नहीं हुआ सोना; Silver भी 61,000 रुपए/किलो के पार
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी (Gold and Silver) में आई जोरदार तेजी से संकेत पाकर भारतीय वायदा बाजार में बुधवार को दोनों महंगी धातुओं की कीमतें नई ऊंचाई पर चली गईं। कोविड-19 (Covid-19) से प्रभावित अर्थव्यवस्थाओं को और राहत पैकेज मिलने की उम्मीद के बीच बुधवार को भारत में सोने का भाव इतिहास में पहली बार 50,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एमसीएक्स पर सोना वायदा शुरुआती कारोबार में 50,085 रुपए प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। वहीं, बुधवार को चांदी का भाव 7% बढ़कर 61,280 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया।
यहां जानें क्यों आया है कीमतों में भारी उछाल
जानकारों का कहना है कि कोरोनावायरस संक्रमण के कारण खनन कार्य प्रभावित होने और आपूर्ति बाधित होने से चांदी की कीमतों में ज्यादा तेजी देखी जा रही है। इसके साथ ही कोरोना काल में निवेश के सुरक्षित साधन की तरफ निवेशकों का रुझान बढ़ा है। यही वजह है महंगी धातुओं की कीमतों को लगातार सपोर्ट मिल रहा है। हार्ड एसेट्स के तौर पर इस समय सोना और चांदी लोगों की पहली पसंद बन गई है। सोना और चांदी के भाव का अनुपात कोविड-19 महामारी के पहले के स्तर पर पहुंच चुका है और इस समय 83 के स्तर पर है जोकि इस बात का सूचक है कि सोने से कहीं ज्यादा निवेशकों का रुझान चांदी की तरफ है। ऐसे में देश में दोनों धातुओं की कीमत में जोरदार उछाल देखने को मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: Lockdown में चमकी मजदूर की किस्मत; एक ठोकर में मिला 50 लाख का हीरा
बता दें कि भारतीय वायदा बाजार में चांदी का भाव 23 जनवरी 2013 में 59,974 रुपए प्रति किलो तक उछला था जो कि इससे पहले का रेकॉर्ड स्तर था। चांदी का अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार कॉमेक्स पर 23 डॉलर प्रति औंस के ऊपर चला गया है। कॉमेक्स सोने का भाव भी 1866.75 डॉलर प्रति औंस तक उछला जो कि नौ सितंबर 2011 के बाद ऊंचा स्तर है जब सोने का भाव 1881 डॉलर प्रति औंस के करीब था, जबकि कॉमेक्स पर सोने का भाव छह सितंबर 2011 में 1911.60 डॉलर प्रति औंस तक उछला था जो कि अब तक का रिकॉर्ड स्तर है।

