- Advertisement -
आजकल गूगल मैप की मदद से हर व्यक्ति को कहीं आने-जाने में काफी मदद मिलती है। वहीं, ज्यादातर वाहन चालक भी गूगल मैप (Google Map) की मदद से किसी भी रूट पर बिना परेशानी के निकल जाते हैं। आमतौर पर गूगल मैप लोगों को सही रास्ता बताता है और गंतव्य तक पहुंच देता है, लेकिन वहीं कई बार गूगल मैप पर रास्ता पूछना खतरों से भरा हो सकता है। हाल ही में ऐसा एक मामला सामने आया है, जिसके बारे में जानकर आप भी हैरान हो जाएंगे। दरअसल, गूगल मैप ने गलत रास्ता बताकर एक परिवार को मुसीबत में फंसा दिया।
ये मामला केरल (Kerala) के कडुथुरुथी का है, जहां एक परिवार की गाड़ी को गूगल मैप ने रास्ता बताते हुए एक बड़ी नहर में पहुंचा दिया। गनीमत ये रही कि आसपास के लोगों ने समय रहते पूरे परिवार को कार से बाहर निकाल लिया और बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के अनुसार, कर्नाटक का एक परिवार एसयूवी कार में मुन्नार से अलाप्पुझा घूमने जा रहा था। इस दौरान उन्होंने मुन्नार से निकलते वक्त गूगल मैप पर नेविगेशन लगाया था, जिसकी मदद से वे गूगल के बताए रास्ते को फॉलो करते हुए कार चला रहे थे। इसी बीच बुधवार दोपहर कडुथुरुथी में कुरूपपंथारा कदवु के पास अचानक कार एक बड़ी नहर में घुस गई।
पीड़ित परिवार ने बताया कि वे गूगल मैप के बताए रास्ते पर चल रहे थे। इसी बीच गूगल ने सीधे जाने को कहा, लेकिन वहां बड़ी नहर थी और नहर से पहले एक बड़ा मोड़ था। उन्होंने बताया कि उन्होंने वहां गूगल मैप के कहने पर टर्न नहीं लिया और सीधे चले गए। जिसके बाद कार गहरी नहर में फंस गई। इसी दौरान परिवार के लोग चिल्लाने लगे। वहीं, आसपास के लोग आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और एक-एक कर लोगों को कार के अंदर से बाहर निकालने लगे, लेकिन वह असफल रहे। जिसके बाद कार को बाहर निकालने के लिए एक लॉरी का सहारा लिया गया।
- Advertisement -