- Advertisement -
काबुल। अफगानिस्तान (Afghanistan) की राजधानी काबुल के पश्चिमी हिस्से में शुक्रवार को एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई गोलीबारी में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई। अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि काबुल में एक समारोह में बंदूकधारियों ने गोलियां बरसा दीं जिसमें कम-से-कम 27 लोगों की जान चली गई और करीब 55 घायल हैं। हमले में देश के चीफ एग्ज़ीक्यूटिव अब्दुल्ला बाल-बाल बच गए।
पिछले हफ्ते अमेरिका संग शांति समझौता करने वाले तालिबान ने हमले में शामिल होने से इनकार किया है। अमेरिका और तालिबान के बीच हुए समझौते (Taliban-US pact) के बाद यह सबसे बड़ा हमला है। ये हमला तब हुआ है जब 29 फरवरी को अमेरिका और तालिबान के बीच हुए समझौते के मुताबिक 14 महीनों के अंदर विदेशी बलों की देश से वापसी होनी है। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता नसरत रहीमी ने कहा कि मृतकों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं और इसके अलावा 29 अन्य लोग जख्मी हैं। उन्होंने कहा कि अफगान विशेष बल हमलावरों के खिलाफ अभियान को अंजाम दे रहे हैं।
- Advertisement -