-
Advertisement
Covid-19 के चलते बढ़ी सतर्कता: अन्य शाखाओं में नहीं जा सकेंगे शिक्षा निदेशालय के कर्मचारी, लगी रोक
शिमला। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में जारी कोरोना वायरस (Coronavirus) के कहर के बीच अब सरकारी दफ्तरों तक कोरोना का प्रसार देखने को मिल रहा है। ऐसे में एहतियात के तौर पर हिमाचल उच्च शिक्षा निदेशालय (Himachal Directorate of Higher Education) के अधिकारियों और कर्मचारियों पर निदेशालय की ही अन्य शाखाओं में आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। इस बारे में एक एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ अमरजीत कुमार शर्मा की तरफ से जारी की गई एडवाइजरी में कहा गया है कि निदेशालय के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को किसी अन्य शाखा में कार्य है तो वे वहां फोन कर सकते हैं। आगामी आदेशों तक एक-दूसरे की शाखाओं में जाने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल के इन शहरों में अगले दो दिन तक Lockdown, पूरी तरह किए सील
उन्होंने बताया कि अगर किसी ने आदेशों की अनदेखी की तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि सीएम जयराम ठाकुर सहित उनके कार्यालय के कई अधिकारियों के होम क्वारंटीन होने के बाद अन्य सरकारी महकमों ने भी एहतियात बरतना शुरू कर दिया है। हिमाचल में सचिवालय के बाद शिक्षा निदेशालय ही ऐसा दूसरा सबसे बड़ा महकमा है, जहां रोजाना सैकड़ों की तादाद में बाहरी लोगों का आना-जाना लगा रहता है। यहां पर कई शिक्षक जहां तबादलों के चक्कर में आते हैं वहीं, गैर शिक्षक बजट सहित अन्य मंजूरियों को लेकर निदेशालय आते हैं। गुरुवार को प्रदेश के सभी शिक्षकों और गैर शिक्षकों के स्टेशन छोड़ने पर रोक लगाने और निदेशालय नहीं आने के आदेश जारी किए गए थे। जिसके बाद अब इसी कड़ी में निदेशालय द्वारा अपने स्टाफ पर लगाम कस दी है। निदेशालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अगले आदेशों तक अन्य शाखाओं में नहीं जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बाहरी लोगों के भी निदेशालय में आने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

