-
Advertisement
Himachal में बिना खर्च पड़े हैं 14 हजार करोड़ से ज्यादा, मार्च तक होंगे व्यय
मंडी। जल शक्ति, बागवानी व सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में 14 हजार करोड़ से ज्यादा बिना खर्च की राशि (Un Spend Money) पड़ी हुई है, जिसे 31 मार्च, 2021 तक व्यय करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। करसोग में लोक निर्माण विभाग (PWD) के माध्यम से 20 करोड़ 35 लाख से ज्यादा की राशि अनस्पैंड है। विगत ढाई वर्षों में लोक निर्माण विभाग के तहत इमारतों, भवनों व पुलों पर 69 करोड़ से ज्यादा की राशि व्यय की गई है। इस वित्त वर्ष के दौरान लगभग 18 करोड़ की राशि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों पर व्यय की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत क्षेत्र में 102 करोड़ की राशि के माध्यम से 32 सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के किसानों व बागवानों को विशेष लाभ पहुंचेगा। महेंद्र सिंह ठाकुर (Mahendra Singh Thakur) आज उपमंडल करसोग में कैबिनेट सब कमेटी (Cabinet Sub Committee) के तहत प्रथम समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
ये भी पढ़ें: Himachal में अब मंत्री-विधायक नहीं कर पाएंगे शिक्षकों की Transfer, जानिए क्या होगी नई प्रक्रिया
2021 तक 4000 घरों को मिलेगी नल सुविधा
उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग (Rural Development Department) के तहत भी क्षेत्र में 20 करोड़ की राशि अनस्पैंड पड़ी हुई है, जिन्हें विभिन्न विकास कार्यों पर व्यय करने की योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि करसोग में एक करोड़ की राशि से लोक भवन, पंचायत समिति हॉल, भारत निर्माण सेवा केंद्र के निर्माण पर व्यय की जा रही है। महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत क्षेत्र पेयजल सुविधा को सुदृढ़ करने की दिशा में 60 करोड़ की राशि व्यय की जा रही है। योजना के तहत मार्च, 2021 तक क्षेत्र में 4000 घरों को नल से जल सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि 25 करोड़ की लागत से उठाऊ पेयजल योजना सरौर खड्ड का कार्य भी प्रगति पर है और 20 जुलाई से योजना के तहत पाइपें बिछाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत करसोग के लिए 40 करोड़ की राशि पेयजल व सीवरेज सुविधा पर व्यय की जा रही है। उन्होंने बताया कि करसोग में मिनी सचिवालय भवन निर्माण के लिए 50 लाख की राशि स्वीकृत की गई है और इस दिशा में संबंधित विभाग को तुरंत टैंडर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत करसोग के तहत 3 करोड़ 65 लाख की राशि अनस्पैंड है, जिसे नगर पंचायत में विकास कार्यों पर तुरन्त व्यय करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त आईटीआई (ITI), सीनियर सेकेंडरी स्कूल और कॉलेज (College) भवन के निर्माण कार्य में तीव्रता लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को करसोग बाईपास मार्ग की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि बागवानी मिशन के तहत इस वर्ष करसोग में 136 लाख की राशि बागवानी गतिविधियों को सुदृढ़ करने पर व्यय की जा रही है। करसोग में लगभग 3 करोड़ की राशि से बनने वाले बस अड्डे का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में सनारली में पथ परिवहन निगम की कार्यशाला व पट्रोल पंप निर्माण के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। जल शक्ति मंत्री ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम जयराम ठाकुर द्वारा की गई घोषणाओं व शिलान्यासों के कार्यों को प्राथमिकता दें और इनमें कोई भी कोताही ना बरतें। सभी विभाग आपसी समन्वय से विकास कार्यों में तीव्रता लाने के लिए एकजुट प्रयास करें ताकि लोगों को विकास योजनाओं का शीघ्र लाभ मिल सके।