-
Advertisement
जारी रहेंगी HPU की परीक्षाएं, भाग न ले पाने वालों को मिलेगी राहत
शिमला। एक ओर जहां हिमाचल सरकार ने भारी बारिश को देखते हुए राज्य के सभी स्कूल-कॉलेजों (All Educational Institutions) सोमवार 14 अगस्त को अवकाश घोषित कर दिया है, वहीं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) की पीजी परीक्षाएं रद्द नहीं होंगी। विवि के उच्चाधिकारियों का कहना है कि पीजी की परीक्षाएं (PG Exams) होंगी, लेकिन बारिश के चलते परीक्षा न दे पाने वाले छात्रों को राहत दी जाएगी।
जो छात्र कल होने वाली पीजी की परीक्षा भारी बारिश के कारण नहीं दे पाएंगे, उन्हें विश्वविद्यालय एक अतिरिक्त मौका (Additional Chance) देगा और उनकी परीक्षाएं निकट भविष्य में आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय में 8 अगस्त से सीबीसीएस द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित की जा रही है। 14 से 16 अगस्त तक तक विश्वविद्यालय जेनेरिक विषय की परीक्षाएं आयोजित करने वाला है। शिमला और मंडी जिलों में शिक्षण संस्थाओं में सोमवार को पहले ही अवकाश घोषित किया जा चुका है। बाद में राज्य सरकार ने भी 14 अगस्त को छुट्टी का आदेश जारी किया है। राज्य में भारी बारिश और लैंडस्लाइड से 450 से ज्यादा सड़कें बंद हैं, साथ ही मौसम विभाग ने 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
